सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

मनोरंजन

तेलुगू अभिनेता उदय किरण मृत पाए गए

 हैदराबाद : 06 जनवरी 2014 :सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का फिल्मफेयर पुरस्कार पाने वाले सबसे युवाओं में से एक तेलुगू फिल्म अभिनेता उदय किरण ने कथित तौर पर रविवार रात अपने आवास पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने आज बताया कि श्रीनगर कॉलोनी स्थिति फ्लैट में 33 वर्षीय किरण के माता-पिता और उनकी पत्नी ने उनका शव लटका हुआ देखा। उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) वी सत्यनारायण ने बताया कि उपलब्ध सूचना के मुताबिक यह आत्महत्या का मामला लगता है और अभिनेता शायद अवसाद से ग्रस्त थे। उन्होंने बताया कि उस्मानिया अस्पताल में शव का अंत्यपरीक्षण होगा और इसकी वीडियो रिकॉर्डिंग की जाएगी।


उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। मौत के हालात के बारे में जांच के बाद ही जानकारी मिलेगी। किरण की पहली तीन फिल्मों चित्रम, नुवू नेनू और मानासांता नुवी से उन्हें ‘हैट्रिक हीरो’ के रूप में जाना जाने लगा था। इसके बाद उन्होंने ‘नी स्नेहम’ और ‘कालूसुकोवानी’ सहित कई रोमांटिक फिल्मों में भी अपना जलवा दिखाया। वर्ष 2001 में उदय किरण को फिल्म ‘नुवू नेनू’ के लिए फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ अभनेता का पुरस्कार मिला और कमल हासन के बाद वह फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ अभिनेता अवार्ड पाने वाले सबसे युवा विजेता बन गए। साल 2006 में फिल्म ‘पोई’ के साथ उन्होंने तमिल फिल्मों में दस्तक दी। इस फिल्म का निर्देशन के. बालचंद्र ने किया था। उन्होंने श्रीराम, अवुन्नाना काडाना, नुवेकाडुंटे, जय श्रीराम आदि फिल्मों में अपने प्रदर्शन से प्रशंसकों को मोहित किया। उदय किरण ने 2000 में तेजा द्वारा निर्देशित तेलुगू फिल्म ‘चित्रम’ से अपने करियर की शुरूआत की थी। इस फिल्म का बहुत अच्छा प्रदर्शन रहा था। तेलुगू फिल्म जगत ने उनके निधन पर शोक जाहिर किया है।   

प्रिया रूंचाल के साथ शादी के बंधन में बंधे जॉन 

 मुंबई 03 जनवरी 2014 : अभिनेता-निर्माता जॉन अब्राहम अपनी प्रेमिका प्रिया रूंचाल के साथ एक बेहद निजी समारोह में शादी के बंधन में बंध गए। 41 वर्षीय ‘धूम’ स्टार ने अपने ट्विट के जरिए इस खबर की पुष्टि करते हुए लिखा, ‘‘आपको और आपके चाहने वालों के लिए वर्ष 2014 खुशियों से भरा हो। ईश्वर करे ये साल आपके लिए प्यार, अच्छे भविष्य और खुशी लेकर आए। जॉन और प्रिया का आपको ढेर सारा प्यार..।’’
अमेरिका में प्रिया के साथ छुट्टियां बिता रहे जॉन के बारे में कहा गया था कि अपने परिवार वालों और करीबी दोस्तों की उपस्थिति में जॉन प्रिया के साथ विवाह के बंधन में बंध गए। इन्वेस्टमेंट बैंकर प्रिया से जॉन की मुलाकात मुंबई में दिसंबर 2010 में हुई थी। इससे पहले वे अभिनेत्री बिपाशा बसु के साथ नौ साल लंबे संबंध में रह चुके थे। अभिनेता ने हमेशा से ही प्रिया के साथ अपने संबंधों को गुप्त रखा और मीडिया में उनके बारे में बेहद कम बात की।
अभिनेत्री-गायिका सोफी चौधरी ने भी ट्विटर पर इस नई जोड़ी को बधाई देते हुए लिखा, ‘‘जॉन अब्राहम आपको बहुत बधाई.. जॉन और प्रिया आपको दुनिया भर की खुशियां मिलें..। आपको बहुत प्यार.. ईश्वर आपका सदा भला करे।’’ बालाजी के सीईओ तनुज गर्ग ने भी जॉन और प्रिया को बधाई देते हुए लिखा, ‘‘जॉन अब्राहम आपको बधाई..।’’                   

मशहूर अभिनेता फारूक शेख का दुबई में निधन28 दिसंबर 2013 ‘गर्म हवा’, ‘शतरंज के खिलाड़ी’, ‘चश्मे बद्दूर’ और ‘किसी से ना कहना’ जैसी फिल्मों में यादगार अभिनय के लिए जाने जाने वाले अभिनेता फारूक शेख का दिल का दौरा पड़ने से दुबई में  निधन हो गया। वह 65 वर्ष के थे। उनके परिवार के एक सदस्य ने कहा, ‘‘उनका निधन हो गया।’’ हालांकि उन्होंने और ज्यादा जानकारी नहीं दी। फारूक एक समारोह में हिस्सा लेने के लिए दुबई गए थे जब कल देर रात उन्हें दिल का दौरा पड़ा। दुबई में औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उनका शव आज मुंबई लाया जाएगा।फारूक ने रंगमंच, फिल्मों और टीवी में बेहतरीन योगदान दिया। उन्होंने ‘गर्म हवा’ के साथ बॉलीवुड में पदार्पण किया था और ‘शतरंज के खिलाड़ी’, ‘चश्मे बद्दूर’, ‘किसी से ना कहना’ तथा ‘नूरी’ जैसी फिल्मों में यादगार भूमिकाएं निभायीं। उनकी आखिरी फिल्म ‘क्लब 60’ थी। इससे पहले इस साल आई फिल्म ‘ये जवानी है दीवानी’ में वह अभिनेता रणबीर कपूर के पिता के किरदार में दिखे थे। फारूक ने जीटीवी के मशहूर कार्यक्रम ‘जीना इसी का नाम है’ की मेजबानी भी की जिसमें उन्होंने बॉलीवुड की कई जानी मानी हस्तियों का साक्षात्कार लिया।




 मनोरंजन की धूम है धूम-3 में

इस सप्ताह प्रदर्शित 'धूम-3' जैसी फिल्में बॉलीवुड की धाक दुनिया भर में जमाती हैं। तकनीक के मामले में हॉलीवुड फिल्मों को टक्कर देती यशराज फिल्म्स की धूम श्रृंखला की यह तीसरी फिल्म दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करती है। इस बार फिल्म में विलेन का किरदार आमिर खान ने निभाया। यह आमिर खान की सबसे ज्यादा स्टाइलिश लुक वाली फिल्म है। उन्होंने अपने शानदार अभिनय से दर्शकों का दिल जीत लिया। निर्देशक भी उन्हीं पर ज्यादा मेहरबान लगे हैं इसलिए अन्य किरदारों को ज्यादा उभरने का मौका नहीं मिल पाया। फिल्म को भव्य बनाने में निर्माता ने पैसे को पानी की तरह बहाया है।
इकबाल हारून खान (जैकी श्राफ) अमेरिका के शिकागो में ग्रेट इंडियन सर्कस कंपनी चलाता है जोकि बंदी की कगार पर खड़ी है। इस कंपनी को चलाने के लिए खान ने बैंक से बड़ी रकम उधार ली थी जिसे वह नहीं चुका पा रहा और इस कारण बैंक उन पर काफी दबाव बनाता रहता है। बैंक अपने कर्ज को वापिस पाने के लिए कंपनी को नीलाम करने की योजना बनाता है इससे खान परेशान हो जाता है और अपने बेटे साहिर (आमिर खान) की आंखों के सामने खुद को गोली मार कर आत्महत्या कर लेता है।
साहिर पर इस घटना का गहरा असर पड़ता है। वर्षों बाद भी वह इस सदमे से बाहर नहीं निकल पाता और अपने पिता की मौत का कारण उस बैंक और उसके अधिकारियों को ही मानता है जिनसे बदला लेने की वह एक बड़ी योजना बनाता है और बचपन में अपने पिता से जादू और जिमनास्टिक की ट्रेनिंग हासिल साहिर उस बैंक की शाखाओं को लूटने और लूट का माल गरीबों में बांटने का सिलसिला शुरू करता है। वह हर लूट के बाद हिंदी में एक संदेश छोड़ जाता है जिस कारण अमेरिकी अधिकारी भारत सरकार की मदद मांगते हैं। भारतीय पुलिस जय दीक्षित (अभिषेक बच्चन) और अली (उदय चोपड़ा) को शिकागो भेजती है।
विजय शिकागो आते ही साहिर को टीवी चैनलों के जरिए बैंक की किसी भी शाखा को लूटने के लिए चैलेंज देता है। साहिर चैलेंज कबूल करता है और बैंक लूटने के बाद जाकर विजय से मिलता है। साहिर को रंगे हाथ पकड़ने के लिए विजय एक प्लान बनाता है लेकिन खुद ही उसमें फंस जाता है जिसके कारण उसे इस केस से हटा दिया जाता है। आलिया (कटरीना कैफ) साहिर की सर्कस टीम में है और वह भी उसका हाथ बंटाती है।
अभिनय के मामले में आमिर खान सब पर भारी पड़े। उन्होंने गजब की परफार्मेंस दी है। इस फिल्म में उनके काम को लंबे समय तक याद रखा जाएगा। अभिषेक बच्चन का काम ठीकठाक रहा। वह धूम श्रृंखला की पिछली फिल्मों की ही तरह सामान्य दिखे। उदय चोपड़ा के हिस्से में कुछ कॉमेडी दृश्य आये और वह लोगों को हंसाने में कामयाब रहे। कैटरीना कैफ भी जमी हैं। जैकी श्राफ का काम भी अच्छा रहा। फिल्म का गीत संगीत ठीकठाक है। गानों का फिल्मांकन बहुत ही भव्य है। निर्देशक विजय कृष्ण आचार्य की यह फिल्म देखकर कहीं से नहीं लगता कि उनकी पिछली फिल्म 'टशन' थी जोकि सुपर फ्लॉप थी।
कलाकार- आमिर खान, कटरीना कैफ, अभिषेक बच्चन, उदय चोपड़ा, जैकी श्रॉफ।
गीत- समीर, कौसर मुनीर, विजय कृष्ण।
संगीत- प्रीतम चक्रवर्ती।
निर्माता- आदित्य चोपड़ा।
निर्देशक- विजय कृष्ण आचार्य।


बॉलीवुड अभिनेत्री काजोल जल्द ही बड़े पर्दे पर वापसी करने वाली हैं लेकिन उनका कहना है कि वे बहुत आलसी अदाकारा हैं। 


बॉलीवुड अभिनेत्री काजोल जल्द ही बड़े पर्दे पर वापसी करने वाली हैं लेकिन उनका कहना है कि वे बहुत आलसी अदाकारा हैं। काजोल ने वर्ष 2001 में अभिनय से दूरी बना ली थी, इसके बाद उन्होंने वर्ष 2006 में रोमांटिक फिल्म ‘‘फना’’ से वापसी की थी। लेकिन इसके बाद वे सिर्फ मेहमान भूमिकाओं में ही नजर आईं। आखिरी बार वे करण जौहर के प्रोडक्शन की फिल्म ‘‘वी आर फैमिली’’ (2010) में प्रमुख भूमिका में दिखी थीं। काजोल कहती हंल कि मैं बहुत आलसी हूं, मैं हद से ज्यादा काम या फिल्में नहीं कर सकती। मेरे लिए साल में दो फिल्में बहुत हैं और इससे मुझे ये महसूस भी होता रहता है कि मैं काम कर रही हूं। मैं किसी भी फिल्म को तब तक अपना नहीं मानती जब तक मैं उसकी शूटिंग शुरू न कर दूं।

चर्चा में नहीं रहने के बावजूद लोगों की पसंदीदा बने रहने पर वह कहती हैं कि हो सकता है मैंने काम से दूरी बनाई हो इसलिए लोग मेरे साथ काम करना चाहते हों। मैं 20 साल से काम कर रही हूं लेकिन मैंने काफी कम काम और कम ही फिल्में की हैं। ऐसे कई लोग हैं जिन्होंने मुझसे तीन गुणा या चार गुणा ज्यादा फिल्में की हैं। काजोल अब अपने पति अजय देवगन के प्रोडक्शन की फिल्म से वापसी को तैयार हैं। वह कहती हैं कि फिल्म की पटकथा और कहानी बहुत अच्छी है लेकिन अभी मैं इस बारे में ज्यादा बात नहीं कर सकती। वह कहती हैं कि मैं लगातार फिल्में करती रहूंगी लेकिन मुझे थोड़ा समय भी चाहिए। मेरा एक भरा पूरा जीवन है- पति, दो बच्चे, घर, प्रोडक्शन कंपनी और अन्य चीजें हैं। इसलिए मैं वैसी ही फिल्में करती हूं जिससे लगे कि इस फिल्म को करना जरूरी है।

आजकल रियलिटी शो में कई अभिनेत्रियां आ रही हैं इस बारे में काजोल का कहना है कि अभी तक इस बारे में मन नहीं बनाया है और सच कहूं तो इनके लिए समय ही नहीं है। लेकिन भविष्य में यदि फुर्सत हुई तो जरूर इससे जुड़ना चाहूंगी। इन दिनों प्रसारित हो रहे बिगबॉस सीजन सात में अपनी बहन तनीशा के भाग लेने के बारे में उनका मानना है कि तनीशा बेहद सुलझी हुई लड़की है और वह जरूर इस शो के माध्यम से अपना कैरियर आगे बढ़ाने में सफल होगी। वह कहती हैं कि मैं तो तनीशा की जीत की कामना कर रही हूं अब देखना यह है कि वह कितना आगे तक जाती है। काजोल हाल ही में बच्चों से जुड़े एक एनजीओ का साथ देने के लिए भी आगे आयी हैं। उनका मानना है कि यदि हमारे नाम का लाभ किसी सामाजिक काम में मिलता है तो हमें आगे आना ही चाहिए।


काजोल की अब तक प्रदर्शित फिल्मों में बेखुदी, बाजीगर, उधार की जिंदगी, ये दिल्लगी, करन अर्जुन, ताकत, हलचल, गुंडाराज, दिलवाले दुलहनियां ले जाएंगे, बंबई का बाबू, गुप्त, हमेशा, इश्क, प्यार किया तो डरना क्या, डुप्लीकेट, दुश्मन, प्यार तो होना ही था, कुछ कुछ होता है, दिल क्या करे, हम आपके दिल में रहते हैं, होते होते प्यार हो गया, राजू चाचा, कुछ खट्टी कुछ मीठी, कभी खुशी कभी गम, कल हो ना हो, फना, कभी अलविदा ना कहना, ओम शांति ओम, यू मी और हम, हाल ए दिल, रब ने बना दी जोड़ी, विघ्नहर्ता श्री सिद्धिविनायक, माई नेम इज खान, वी आर फैमिली, टूनपुर का सुपर हीरो, स्टूडेंट आफ द ईयर शामिल हैं। उनकी आने वाली फिल्म है कुछि कुछि होता है। काजोल ने 1997 में एक तमिल फिल्म मिन्सारा कानावू में भी काम किया था।
इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ पीठ ने सेंसर बोर्ड भंग करने की मांग पर फैसला सुरक्षित रखा 
इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ पीठ ने केन्द्रीय फिल्म सेंसर बोर्ड को भंग कर उसे नियमानुसार पुनर्गठित किये जाने के आग्रह वाली एक जनहित याचिका पर आज सुनवाई के बाद फैसला सुरक्षित रखा। याचिका में मौजूदा समय में सेंसर बोर्ड से पास की जा रही फिल्मों में खास तौर से हिन्दू धर्म की मान्यताओं एवं महापुरुषों के नामों को अपमानित करने समेत अपशब्दों का प्रयोग किये जाने का आरोप लगाया गया है। न्यायमूर्ति इम्तियाज मुर्तजा और न्यायमूर्ति देवेन्द्र कुमार उपाध्याय की खण्डपीठ के समक्ष हिन्दू पर्सनल लॉ बोर्ड की तरफ से दायर इस याचिका पर आज सुनवाई हुई।
याचिकाकर्ता हिन्दू पर्सनल ला बोर्ड के अध्यक्ष अशोक पाण्डेय का तर्क था कि जल्द रिलीज होने वाली फिल्म ‘रामलीला’ के अलावा पूर्व में रिलीज हो चुकी फिल्में- ‘ओंकारा’, ‘गंगाजल’ आदि के संवादों में धड़ल्ले से अपशब्दों का प्रयोग किया गया है। साथ ही हिन्दू महापुरुषों श्रीराम और श्रीकृष्ण की वास्तविक लीलाओं को ना दिखाकर उनके पात्रों के जरिये दूसरी अश्लीलतापूर्ण कहानियां पेश की गयी हैं। इससे हिन्दू जनमानस को आघात पहुंचा है। साथ ही खासतौर से बच्चों समेत पूरे समाज पर इसका खराब असर पड़ रहा है।

याचिकाकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि फिल्मों में ऐसी आपत्तिजनक सामग्री होने के बावजूद सेंसर बोर्ड उनके प्रदर्शन की मंजूरी दे रहा है। ऐसे में बोर्ड को भंग करके उसका पुनर्गठन किया जाना चाहिए। उधर, फिल्म सेंसर बोर्ड की तरफ से दलील दी गयी कि यह जनहित याचिका सुनवाई के लायक नहीं है। इसे खारिज कर दिया जाना चाहिए। अदालत ने सुनवाई के बाद अपना फैसला सुरक्षित रखा।

स्वर कोकिला लता मंगेशकर ने कहा की मेरी इच्‍छा है कि मोदी बनें देश के प्रधानमंत्री : 

अपने सुरीले गीतों से पुरे विश्व को सम्मोहित कर देने वाली स्वर कोकिला लता मंगेशकर ने कहा है कि वे चाहती हैं कि नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनें। पुणे में दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल के उद्घाटन के अवसर पर नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में यह इच्‍छा जताई. उन्होंने ने  कहा कि वे भगवान से प्रार्थना करती हैं कि मोदी देश के अगले प्रधानमंत्री बनें.

अभिनेता संजय दत्त जेल से मिली छुट्टी खत्म होने के बाद जेल के लिए रवाना
अभिनेता संजय दत्त जेल से मिली छुट्टी खत्म होने के बाद आज सुबह अपने घर से शेष सजा काटने के लिए पुणे जेल रवाना हो गए। उन्हें 1993 के मुंबई बम विस्फोटों से जुड़े शस्त्र अधिनियम के मामले में सजा सुनाई गई थी। संजय पुणे की यरवदा जेल में बंद थे। उन्हें 1 अक्तूबर को जेल से 14 दिन की छुट्टी मिली थी। बाद में, उन्होंने छुट्टी बढ़ाए जाने का आग्रह किया था जिसे स्वीकार करते हुए उनकी छुट्टी एक पखवाड़े के लिए और बढ़ा दी गई थी। माना जाता है कि 53 वर्षीय अभिनेता ने किसी बीमारी की वजह से उनकी टांगों में बने रक्त के थक्कों का इलाज कराया था।

ऋतिक रोशन की नई फिल्‍म 'कृष-3' तमाम कानूनी अड़चनों के बावजूद इस हफ्ते रिलीज के लिए तैयार, रिलीज से पहले ही बिकी आधी टिकटें
ऋतिक रोशन की नई फिल्‍म 'कृष-3' तमाम कानूनी अड़चनों के बावजूद इस हफ्ते रिलीज के लिए तैयार है। कृष-3 के निर्माताओं पर कहानी चुराने के आरोप के बीच कोर्ट ने इस फिल्‍म पर रोक लगाने से इनकार कर दिया है। यह फिल्‍म देशभर के 4100 से ज्‍यादा स्‍क्रीन्‍स पर एक नवंबर को रिलीज की जाएगी। बुधवार तक फिल्‍म की आधी से ज्‍यादा टिकटें बिक चुकी हैं। फिल्‍म के प्रोड्यूसर और डायरेक्‍टर राकेश रोशन ने इस फिल्‍म के कारोबार का आंकड़ा 1000 करोड़ रुपये के पार पहुंचाने का लक्ष्‍य तय किया है। अगर ऐसा हो गया तो यह अपने आप में इतिहास होगा।
कृष 3 अभी रिलीज नहीं हुई है लेकिन इसकी सक्‍सेस पार्टी हो रही है। दरअसल, फिल्‍म पर तैयार गए कृष 3 गेम के एक लाख डाउनलोड हो गए हैं। इस कामयाबी का जश्‍न मनाने के लिए माइक्रोसॉफ्ट विंडोज ने बुधवार को हैलोवीन पार्टी रखी है। 

बिग बॉस-7 के 'लवबर्ड' कुशाल टंडन को बिग बॉस निकाला तो गौहर ने भी छोड़ दिया घर
बिग बॉस-7 के 'लवबर्ड' कुशाल टंडन और गौहर को बोरिया-बिस्‍तर बांधने के लिए कह दिया गया। बिग बॉस ने एंडी के साथ झगड़े के बाद कुशाल को निकालने का फैसला सुनाया तो गौहर ने अपने मन से उनके साथ बाहर जाने का निर्णय ले लिया। कुशाल और गौहर पिछले कई एपिसोड से सुर्खियों में हैं। इन दोनों को सलमान खान भी फटकार लगा चुके हैं। तनीषा के साथ कुशाल के झगड़े के बाद सलमान को गुस्‍सा आ गया था। (हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद घर वापस आए कुशाल, विवेक हुए एलिमिनेट) सलमान गौहर और कुशाल से इतने खफा हो गए थे कि उन्‍होंने बिग बॉस की मेजबानी छोड़ने तक की बात कह डाली थी। कुशाल और गौहर से हो रही बातचीत में गौहर के अनावश्यक हस्तक्षेप से सल्लू मियां भड़क गए थे। सलमान ने कुशाल और गौहर की दोस्ती को लेकर भी तंज कसा था। उन्‍होंने कुशाल से कहा, यार तुम इतने बड़े बदतमीज लग रहे हो, तुम्हें इसका कोई आइडिया नहीं है। सलमान ने कहा कि घर के बाहर लोग यह कह रहे हैं कि तनीषा के साथ बुरे व्यवहार के बाद कुशाल को पीटना चाहिए था। इन दोनों को डांटने के बाद सलमान ने बालिका वधू फेम प्रत्युषा बनर्जी की भी जमकर बखिया उधेड़ी थी। 


भारतीय शास्त्रीय संगीत में पॉप का जुझारूपन घोलने वाले सुरों के सरताज मन्ना डे का निधन 
                
भारतीय शास्त्रीय संगीत में पॉप का जुझारूपन घोलने वाले सुरों के सरताज मन्ना डे हिंदी सिनेमा के उस स्वर्ण युग के प्रतीक थे जहां उन्होंने अपनी अनोखी शैली और अंदाज से ‘‘पूछो ना कैसे मैने’’, अय मेरी जोहराजबी’’ और ‘‘लागा चुनरी में दाग’’ जैसे अमर गीत गाकर खुद को अमर कर दिया था। मोहम्मद रफी, मुकेश और किशोर कुमार की तिकड़ी का चौथा हिस्सा बनकर उभरे मन्ना डे ने 1950 से 1970 के बीच हिंदी संगीत उद्योग पर राज किया।
पांच दशकों तक फैले अपने कॅरियर में डे ने हिंदी, बंगाली, गुजराती, मराठी, मलयालम, कन्नड और असमी में 3500 से अधिक गीत गए और 90 के दशक में संगीत जगत को अलविदा कह दिया। 1991 में आयी फिल्म ‘प्रहार’ में गाया गीत ‘‘हमारी ही मुट्ठी में’’ उनका अंतिम गीत था। महान गायक आज बेंगलूर में 94 साल की उम्र में दुनिया से रूखसत हो गए। यह संगीत की दुनिया का वह दौर था जब रफी, मुकेश और किशोर फिल्मों के नायकों की आवाज हुआ करते थे लेकिन मन्ना डे अपनी अनोखी शैली के लिए एक खास स्थान रखते थे।

सार्थक रोल पसंद हैं रघुवीर यादव को
फिल्मों में अधिकतर किसान या मजदूर की भूमिका निभाने वाले अभिनेता रघुवीर यादव खुद को जन्म से ही किसान मानते हैं। फिल्मों में सदैव अपनी सीधी सादी और ग्रामीण पृष्ठभूमि वाले रोल करने के बारे में उनका कहना है कि अपने नाम के साथ व्यावसायिक फिल्मों का तमगा नहीं जोड़ना चाहते और वह ऐसी फिल्में करना चाहते हैं, जिसकी कहानी अच्छी हो और उनका चरित्र बढ़िया हो। जल्द ही उनकी दो फिल्में ‘क्लब 60’ और ‘एक बुरा आदमी’ रिलीज होने वाली हैं।

'बॉस': अक्षय कुमार का दमदार एक्शन


'राउडी राठौड' और 'वन्स अपॉन ए टाइम इन मुंबई' के बाद अक्षय कुमार एक बार फिर दर्शकों के सामने फिल्म 'बॉस' में एक्शन भूमिका में नजर आए हैं। इस फिल्म में अक्षय के एक्शन दृश्य उनकी पिछली फिल्मों के मुकाबले ज्यादा हैरतअंगेज हैं लेकिन जहां तक फिल्म की कहानी का सवाल है तो यह पक्ष काफी कमजोर है। हालांकि यह फिल्म साउथ की एक सुपरहिट फिल्म का रीमेक है। अक्षय को अब तक दर्शकों ने पंजाबी लुक में ज्यादा देखा है पहली बार वह हरियाणवी लुक में हैं। खास बात यह है कि इस फिल्म में अक्षय के साथ कोई हिरोइन नहीं है।

सत्यकांत शास्त्री (मिथुन चक्रवर्ती) एक स्कूल में अध्यापक हैं। उनके दो बेटे हैं एक सूर्या (अक्षय कुमार) और दूसरा शिव (शिव पंडित)। सूर्या गरम मिजाज का युवक है और हमेशा किसी ना किसी से मारपीट करता रहता है। उसके खिलाफ शिकायतें सुन सुन कर सत्यकांत परेशान हो चुके हैं जब वह सूर्या को समझाने में सफल नहीं हो पाते तो उसे घर से निकाल देते हैं और छोटे बेटे के साथ ही रहने लगते हैं। शिव जब कॉलेज में पढ़ाई के लिए जाता है तो वहां उसकी मुलाकात अंकिता (अदिति राव हैदरी) से होती है। कुछ मुलाकातों के बाद दोनों एक दूसरे को चाहने लगते हैं। अंकिता का भाई एसीपी आयुष्मान माथुर (रोनित राय) को यह रिश्ता पसंद नहीं है क्योंकि वह अपनी बहन की शादी एक मंत्री से कराना चाहता है। जब उसकी बहन उसकी बात नहीं मानती तो वह शिव को झूठे केस में फंसा देता है। अब सत्यकांत परेशान हो जाते हैं और अपने बड़े बेटे को बुलाते हैं ताकि वह अपने छोटे भाई को बचा सके। दूसरी ओर अब तक सूर्या ने हरियाणा के एक शहर में अपना खासा रुतबा बना लिया है और विरोधी उसके नाम भर से ही कांपते हैं। उसे इलाके के लोग बॉस के नाम से जानते हैं। जब उसे अपने छोटे भाई के बारे में खबर मिलती है तो वह अपने गांव लौटता है और अपने भाई को बचाने के लिए भ्रष्ट आयुष्मान से भिड़ता है और अपने भाई को उसका प्यार दिलाने में भी सफल रहता है।

अक्षय कुमार अन्य सभी कलाकारों पर भारी पड़े हैं। उनका लुक और अंदाज उनके फैन्स को जरूर पसंद आएगा। कहानी में उनकी दोबारा एंट्री काफी समय बाद होती है जिससे दर्शकों को कुछ निराशा होगी। मिथुन चक्रवर्ती का काम अच्छा रहा। शिव पंडित भी जमे हैं। अदिति राव हैदरी ने खानापूर्ति ही की है। पुलिस अफसर के रोल में रोनित राय का काम काफी अच्छा रहा। फिल्म का गीत संगीत आजकल काफी हिट हो रहा है। फिल्म की फोटोग्राफी अच्छी है। निर्देशक ने यदि कहानी पर थोड़ी और मेहनत की होती तो यह और अच्छी फिल्म बन सकती थी।

कलाकार- अक्षय कुमार, अदिति राव हैदरी, रोनित रॉय, शिव पंडित, मिथुन चक्रवर्ती, डैनी, जॉनी लीवर।

गीत- मनोज यादव।

संगीत- हनी सिंह, चिरंतन भट्ट।

निर्माता- अश्विनी यर्दी।

निर्देशक- एंथोनी डिसूजा।
 

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

*ऑनलाइन माध्यम से शिवाजी कॉलेज का 59 वां वार्षिकोत्सव संपन्न*

सिद्ध भूमि न्यूज़ नेटवर्क::    शिवाजी कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय का 59वाँ वार्षिकोत्सव 29 जून 2020 को आयोजित किया गया। कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष यह समारोह ऑनलाइन माध्यम के द्वारा संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान और दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रॉय फाउंडेशन के संस्थापक श्री संजीव रॉय आमंत्रित थे। उन्होंने इस अकादमिक सत्र के  पुरस्कृत सभी छात्रों को अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा - “कोरोना के इस संकटग्रस्त अनिश्चित दौर में हमें अपनी क्षमताओं को पहचानना होगा। अपनी अंतर्निहित क्षमताओं द्वारा नये अवसरों का सृजन करना होगा। उन्होंने कहा कि वो यंग इंडिया में नई संभावनाओं को देखते हैं। जब यंग इंडिया की बात होती है, तब पूरा भारत इस देश के युवाओं की ओर हसरत भरी निगाहों से देखता है।" इस अवसर पर शिवाजी कॉलेज के पूर्व छात्र और दिल्ली उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता श्री एन. हरिहरन ने अपने विशिष्ट वक्तव्य में कहा कि “ हमें भविष्य की संभावनाओं के प्रति अपने दिलो दिमाग को खुला रखना चाहिए। अपने कॉलेज के दिनों की स्...

19-10-2013

रोमांचक मुकाबले  में आस्ट्रेलिया ने भारत को ४ विकेट से हराया - काम ना आया धोनी का शतक।  नरेंद्र  मोदी  ने आज उत्तर प्रदेश के कानपुर में अपने चुनावी अभियान का आगाज किया।  जम्मू में पाकिस्तानी सेना की ओर से २५ चौकियो पर जबर्दस्त गोली-बारी ।

एकता ने किया खुलासा जल्द आएगा नागिन 5, नागिन 4 को कहा बाय बाय

विपिन, नई दिल्ली। एकता कपूर के चर्चित टीवी शो नागिन के चौथे सीजन को लेकर बीते कुछ दिनों से दर्शक संशय में हैं। सोशल मीडिया पर अफवाह है कि जल्द ही नागिन सीजन 4 बंद हो जाएगा। वहीं, कहा ये भी जा रहा है कि अब इसके बाद कोई भी शूट नहीं होगा। लेकिन अब खुद एकता कपूर ने सामने आकर खुलासा किया है  नागिन 4 की समाप्ति जल्द होगी और उनकी योजना नागिन 5 को तुरंत वापस लाने की है। एकता कपूर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा कर इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि वह नागिन 4 के अंतिम 4 एपिसोड शूट करेंगी और ये काफी धमाकेदार होंगे। अपने इस वीडियो में एकता कहती हैं, मुझसे नागिन 4 के बारे में कई बार पूछा गया, तो मैं एक बार सबको बता देती हूं कि 'नागिन 4' का एक बेहतरीन अंत होने वाला है क्योंकि एक अंत की शुरुआत करने के लिए किसी चीज को बीच में से शुरू नहीं किया जा सकता। तो,हम ;नागिन  को खत्म कर रहे हैं और फिर तुरंत ही नागिन 5पर काम शुरू करेंगे। एकता ने इस धारावाहिक के कलाकारों में निया शर्मा, जैसमीन भसीन, अनीता हसानंदानी और विजेंद्र कुमेरिया का शुक्रिया अदा किया। साथ ही उन्...