आलोचना के बाद भाजपा ने रद्द की साबिर की सदस्यता नयी दिल्ली 29 मार्च 2014 भाजपा ने पार्टी में कल ही शामिल हुए विवादास्पद नेता साबिर अली की सदस्यता आज रद्द करने की घोषणा की। एक सप्ताह में दूसरी बार ऐसा हुआ हैं जब पार्टी को इस तरह की असहज स्थिति में फंसना पड़ा है। इससे पहले श्रीराम सेना प्रमुख प्रमोद मुतालिक को शामिल करने के कुछ ही घंटे बाद पार्टी से बाहर करने पर मजबूर होना पड़ा था। लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा के प्रमुख मीडिया समन्वयक रविशंकर प्रसाद ने आज बताया कि पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने साबिर अली की पार्टी सदस्यता रद्द करने का निर्णय किया है। साबिर को पार्टी में लिए जाने का सबसे पहले और सबसे तीखा विरोध करने वाले भाजपा उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि उन्हें इस फैसले से संतोष हुआ है। नकवी ने साबिर को पार्टी में कल शामिल किए जाने के तुरंत बाद कटाक्ष भरा ट्वीट किया था, ‘‘आतंकी भटकल के मित्र भाजपा में शामिल -शीघ्र दाउद को स्वीकार करेंगे-?’’ उन्होंने आज कहा, ‘‘मेरा उद्देश्य पूरा हुआ। मैं अपने विचार पार्टी नेतृत्व तक पहुंचाना चाहता था और मुझ...