सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

देश - विदेश

दिल्ली में डेनमार्क की पर्यटक से सामूहिक बलात्कार नई दिल्ली 15 जनवरी 2014 :राजधानी में नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास बीती रात डेनमार्क की 51 वर्षीय एक पर्यटक से आधा दर्जन से अधिक लोगों ने कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया। पुलिस ने आज बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और कई संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने इस बारे में चुप्पी साध रखी है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटना उस समय हुई जब पीड़िता कनॉट प्लेस से पहाड़गंज स्थित अपने होटल लौटते समय रास्ता भूल गई। महिला ने कुछ लोगों के एक समूह से रास्ता पूछा। ये लोग मदद करने की बजाय उसे एक एकांत स्थान पर ले गए और चाकू की नोंक पर उससे बलात्कार किया। इन लोगों ने उससे कीमती सामान भी लूट लिया। इसके बाद महिला अपने होटल लौटी और प्रबंधक को घटना की जानकारी दी। उसने रात करीब साढ़े आठ बजे पुलिस को सूचना दी। इस संबंध में पहाड़गंज थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। डेनमार्क के दूतावास को भी इस बारे में सूचित कर दिया गया है। पुलिस द्वारा बयान दर्ज किए जाने के बाद महिला को दूतावास ले जाया गया है। सूत्रों के अनुसार पीड़िता ने चिकित्सा जांच कराने से इनकार कर दिया है और घर वापसी की इच्छा जताई है। इंदौर में भीषण आग से डीएवीवी का सभागृह खाक इंदौर 15 जनवरी 2014 नैक के दल के दौरे से ठीक पहले यहां देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (डीएवीवी) का सभागृह भीषण आग लगने से खाक हो गया। अग्निकांड में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि डीएवीवी के खंडवा रोड स्थित तक्षशिला परिसर में स्कूल ऑफ इकनॉमिक्स के सभागृह में मंगलवार रात आग लगी। विकराल लपटों ने देखते ही देखते सभागृह को अपनी जद में ले लिया। उन्होंने बताया कि दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद भीषण आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक सभागृह पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। अग्निकांड में किसी के हताहत होने की फिलहाल कोई सूचना नहीं है। सूत्रों के मुताबिक राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) का नौ सदस्यीय दल आज से डीएवीवी का दौरा शुरू कर विश्वविद्यालय में मौजूद सुविधाओं और गतिविधियों का जायजा ले रहा है। इस तीन दिवसीय दौरे से ऐन पहले डीएवीवी के सभागृह में हुए अग्निकांड को लेकर अलग-अलग आशंकाएं जाहिर की जा रही हैं। इस बीच, डीएवीवी के एक अधिकारी ने कहा कि यह जांच से पता चलेगा कि सभागृह में आग कैसे लगी। फिलहाल इस नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगा कि नैक के दौरे के मद्देनजर किसी शरारती तत्व ने सभागृह में आग लगा दी। मराठी कवि और लेखक नामदेव धसाल का निधन मुंबई 15 जनवरी 2014 : जाने माने मराठी कवि और तेज तर्रार कार्यकर्ता नामदेव धसाल का लंबी बीमारी के बाद आज यहां एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 64 साल के थे। वह आंत और मलाशय के कैंसर से पीड़ित थे। उनका अंतिम संस्कार गुरुवार को यहां होगा। धसाल उग्र दलित पैंथर मूवमेंट के संस्थापकों में से एक थे। यह आंदोलन 1960 के दशक के अंत में वर्ली के बीडीडी चॉल में जातीय दंगों बाद शुरू हुआ था। वह दलित साहित्य आंदोलन के अग्रदूत थे। पद्मश्री से सम्मानित धसाल मांसपेशियों की कमजोरी की बीमारी से भी पीड़ित थे। वर्ष 2007 में अभिनेता अमिताभ बच्चन और सलमान खान ने धसाल की मदद के लिए राशि जुटाई थी जिनका परिवार उनके इलाज के खर्चे के भुगतान के लिए अपना मकान बेचने के कगार पर था। नागरिक अधिकार कार्यकर्ता धसाल को उनकी एक किताब के लिए नेहरू पुरस्कार भी मिला था। 2004 में साहित्य में योगदान के लिए उन्हें साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। धसाल की चुनिंदा कविताओं का ‘नामदेव धसाल: पोयट ऑफ अंडरवर्ल्ड’ शीषर्क से अंग्रेजी में अनुवाद हुआ था।


भारत के साथ ऐतिहासिक संबंध कायमः अमेरिका वाशिंगटन :09 जनवरी 2014 : पिछले महीने न्यूयार्क में भारतीय राजनयिक देवयानी खोबरागड़े की गिरफ्तारी के बाद भारत की कड़ी प्रतिक्रिया से अप्रभावित प्रतीत होते हुए अमेरिका ने आज जोर देकर कहा कि वह अब भी भारत के साथ मजबूत ऐतिहासिक संबंध कायम रख सकता है। अमेरिकी विदेश विभाग की प्रवक्ता जेन साकी ने कहा, ‘‘हमारा अभी भी मानना है कि हम अपने मजबूत ऐतिहासिक संबंधों को कायम रख सकते हैं और हमारा ध्यान इसी पर है।’’ साकी नयी दिल्ली में अमेरिकी दूतावास परिसर में किसी भी तरह की व्यावसायिक गतिविधि पर रोक लगाए जाने सहित भारत सरकार द्वारा हाल में उठाये गये कदमों पर पूछे गये सवाल पर प्रतिक्रिया व्यक्त कर रही थीं। उन्होंने कहा कि भारत से किसी भी तरह की शिकायत को अमेरिका सार्वजनिक रूप से व्यक्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा, ‘‘मैं जो कहना चाहती हूं, वह यह है कि हमारी चिंताएं हैं, हम उन्हें निजी तौर पर व्यक्त करेंगे।’’ साकी ने कहा, ‘‘लेकिन हम लोग वहां से आये उनकी कूटनीतिक नोट को देख रहे हैं। यह उल्लेख करना महत्वपूर्ण है, उसमें से कई उच्च तकनीकी और जटिल मुद्दे हैं। और हम लगातार उस प्रक्रिया पर काम करना जारी रखेंगे।’’ हालांकि, प्रवक्ता ने अमेरिकी चिंताओं के बारे में कोई ब्यौरा नहीं दिया। देवयानी की गिरफ्तारी के विरोध में भारत ने जवाबी कार्रवाई करते हुए अमेरिकी राजनयिकों के विशेषाधिकार कम करते हुए कई अन्य कदम उठाए थे। इस घटना से दोनों देशों के संबंधों में ठहराव पैदा हो गया था। साकी ने भारत द्वारा उठाए गए कदमों को ‘‘जवाबी कार्रवाई’’ करार देने से भी इनकार किया। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि यह उस श्रेणी में आता है, लेकिन हम स्पष्टत: उनके किसी भी आग्रह पर काम कर रहे हैं और सरकार के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।’’ साकी ने कहा कि भारत और अमेरिका दोनों इस रिश्ते को आगे बढ़ाना चाहते हैं।


देवयानी ने अमेरिकी अटार्नी भरारा की निंदा की

न्यूयार्क :08 जनवरी 2014 :वरिष्ठ भारतीय राजनयिक देवयानी खोबरागड़े ने अपने खिलाफ वीजा धोखाधड़ी मामले को सुलझाने के लिए अर्जी पर जारी चर्चा का सार्वजनिक तौर पर खुलासा करने के लिए अमेरिकी अटॉर्नी प्रीत भरारा की निंदा की है और कहा है कि यह ‘‘परेशान करने वाला सुनियोजित कदम’’ है जिससे स्थिति और बिगड़ेगी। देवायानी ने कहा कि दोनों पक्ष अर्जी पर चर्चाओं को सार्वजनिक नहीं करने पर सहमत हुए थे। देवायानी के वकील डेनियल अरशक ने भरारा को एक मजबूत जवाब दिया है जिसने मजिस्ट्रेट जज सारा नेटवर्न को पत्र लिखकर कहा था कि उन्होंने उचित मापदंडों का उल्लेख किया है जो मुद्दे का समाधान कर सकते हैं। अरशक ने कहा, ‘‘हम केवल यही सोच सकते हैं कि उस समझौते का उल्लंघन परेशान करने वाला सुनियोजित कदम है।’’

देवयानी ने अपने खिलाफ मामले में अभियोग दायर करने की समयसीमा 13 जनवरी तय होने के मद्देनजर उसे यह कहते हुए एक महीने बढ़ाने का अनुरोध किया था कि तिथि का ‘‘आसन्न दबाव’’ पक्षों के बीच की अर्थपूर्ण चर्चा की क्षमता को प्रभावित कर रहा है। यद्यपि देवयानी की अर्जी का अभियोजन ने विरोध किया है। भारत देवयानी खोबरागड़े के खिलाफ मामले को वापस लेने और 39 वर्षीय देवयानी की गत 12 दिसम्बर को गिरफ्तारी के बाद उनके कपड़े उतारकर तलाशी लेने और उन्हें अपराधियों के साथ बंद रखने के लिए अमेरिका से माफी की मांग कर रहा है। भारतीय मूल के अभियोजक भरारा के कार्यालय को देवयानी की गिरफ्तारी के 30 दिन के भीतर अभियोग दायर करना है। अमेरिका ने गत माह कहा था कि वह देवयानी के खिलाफ मामले में आगे बढ़ रहा है और उसका मामले को वापस लेने का कोई इरादा नहीं है। गिरफ्तारी के समय देवयानी न्यूयार्क में उप महावाणिज्य दूत थीं जिसके बाद उन्हें संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन में स्थानांतरित कर दिया गया था। 1999 बैच की भारतीय विदेश सेवा की अधिकारी देवयानी को अपनी नौकरानी संगीता रिचर्ड के आवेदन में झूठी घोषणा करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उन्हें ढाई लाख डालर के बांड पर रिहा किया गया था।



बड़ी कामयाबीः जीएसएलवी डी 5 का सफल प्रक्षेपण 06 जनवरी 2014 :देश को नववर्ष का तोहफा देते हुए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने कल सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से भूस्थतिक उपग्रह प्रक्षेपण वाहन (जीएसएलवी डी 5) का स्वदेशी क्रायोजेनिक इंजन के साथ सफल प्रक्षेपण किया और इसके साथ ही वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले चुनिंदा देशों की श्रेणी में शामिल हो गया। इसके प्रक्षेपण के साथ ही इसरो अमेरिका, रूस, जापान, चीन और फ्रांस के बाद दुनिया की छठी अंतरिक्ष एजेंसी बन गया जिसने स्वदेशी क्रायोजेनिक इंजन के साथ सफलता का स्वाद चखा है। सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र के मिशन कंट्रोल रूम से इसरो प्रमुख के राधाकृष्णन ने कहा, ‘‘मैं बेहद खुश हूं और मुझे यह कहते हुए गर्व हो रहा है कि टीम इसरो ने इसे कर दिखाया है। भारतीय क्रायोजेनिक इंजन और स्टेज ने वैसा ही प्रदर्शन किया है जैसा इस मिशन के लिए अनुमान जताया गया था और जैसी अपेक्षा थी और उसने जीसैट-14 संचार उपग्रह को कक्षा में ठीक तरीके से स्थापित कर दिया है।’’ राधाकृष्णन ने यह बात प्रक्षेपण वाहन के 1982 किलोग्राम के जीसैट 14 उपग्रह को निश्चित कक्षा में स्थापित करने के तुरंत बाद कही। अनेक असफल प्रयासों के बावजूद स्वदेशी क्रायोजेनिक इंजन के साथ जीएसएलवी का प्रक्षेपण करना साल 2001 के समय से इसरो के लिए बड़ी चुनौती बना रहा है। सात प्रयासों में से सिर्फ चार सफल रहे हैं।


CBI प्रमुख को हटाने के प्रावधानों पर विचारः केंद्र नई दिल्ली 03 जनवरी 2014 :सरकार सीबीआई निदेशक को हटाने के प्रावधानों पर विचार कर रही है। विनीत नारायण फैसले में उच्चतम न्यायालय के 1997 के फैसले के बाद सीबीआई प्रमुख का दो साल का तयशुदा कार्यकाल होता है। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अपनी प्रेस कांफ्रेंस के पहले जारी रिपोर्ट कार्ड में कहा कि सरकार सीबीआई को और अधिक स्वायत्तता देने का विचार कर रही है, जिसमें एक मुद्दा निदेशक को हटाने के प्रावधान से जुड़ा है। सीबीआई 2जी स्पेक्ट्रम घोटाला, राष्ट्रमंडल खेल घोटाला, कोयला ब्लाक आवंटन घोटाला सहित भ्रष्टाचार के कई महत्वपूर्ण मामलों की जांच कर रही है। इन सभी मामलों के कारण पिछले तीन साल में सरकार की किरकिरी हुई है। पिछले साल कानून मंत्री अश्वनी कुमार को इस्तीफा देना पड़ा था। मामला यह था कि वह और प्रधानमंत्री कार्यालय के कुछ अधिकारी कोयला ब्लाक आवंटन घोटाले पर सीबीआई की मसौदा स्थिति रिपोर्ट को बदलने में शामिल थे। विनीत नारायण फैसले में उच्चतम न्यायालय ने सीबीआई निदेशक का कार्यकाल न्यूनतम दो साल के लिए तय किया था ताकि अधिकारी स्वतंत्रतापूर्वक कार्य कर सकें। उच्चतम न्यायालय ने अपने आदेश में कहा था कि सीबीआई निदेशक का न्यूनतम कार्यकाल दो साल का होना चाहिए। इससे सुनिश्चित होगा कि किसी योग्य अधिकारी की सिर्फ इसलिए अनदेखी न होने पाये कि उसके पास रिटायर होने का दो साल से कम का समय है। शीर्ष अदालत ने कहा कि सीबीआई निदेशक का तबादला चयन समिति की मंजूरी के साथ अत्यंत अभूतपूर्व हालात में ही हो सकता है। समिति में केन्द्रीय सतर्कता आयुक्त, गृह सचिव और सचिव (कार्मिक) सदस्य के तौर पर होने चाहिए। प्रधानमंत्री की तीसरी प्रेस कांफ्रेंस के पहले जारी रिपोर्ट कार्ड में कहा गया कि सरकार सीबीआई की जांच में हस्तक्षेप नहीं करने के प्रस्ताव पर विचार कर रही है। रिपोर्ट कार्ड में कहा गया कि सीबीआई को अधिक कामकाजी स्वायत्तता देने के लिए कई उपायों पर सरकार विचार कर रही है।


मुशर्रफ को दिल का दौरा, अस्पताल में भर्ती

 इस्लामाबाद : 02 जनवरी 2014 :देशद्रोह के एक बेहद गंभीर मामले में सुनवाई के लिए विशेष अदालत जा रहे पाकिस्तान के पूर्व सैन्य तानाशाह परवेज मुशर्रफ को रास्ते में ‘दिल की समस्या’ की शिकायत के बाद आज एक सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया। मुशर्रफ के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. रजा बुखारी ने एक बयान जारी कर कहा, ‘‘हम इस बात की पुष्टि करते है कि पूर्व राष्ट्रपति मुशर्रफ को पाकिस्तान के रावलपिंडी स्थित सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है।’’ उन्होंने बताया कि परवेज मुशर्रफ को दिल का जबरदस्त दौरा पड़ा है। वह होश में हैं, लेकिन उन्हें क्रिटिकल केयर यूनिट में भर्ती कराया गया है।

बोखारी ने बताया कि मुशर्रफ होश में हैं और पाकिस्तीनी सेना के डॉक्टर उनकी जांच कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हम अल्लाह से उनके जल्द और पूरी तरह ठीक होने की दुआ करते हैं।’’ पुलिस उपमहानिरीक्षक जान मोहम्मद ने विशेष अदालत को सूचित किया कि मुशर्रफ ने अदालत के रास्ते में दिल की समस्या की शिकायत की थी, जिसके बाद उन्हें रावलपिंडी स्थित सैन्य अस्पताल ‘आर्म्ड फोर्सेज इंस्टीट्यूट फॉर कार्डियोलॉजी’ ले जाया गया।

देश का यह पूर्व सैन्य तानाशाह वर्ष 2007 में संविधान को निलंबित, नष्ट और निरस्त करते हुए देश में आपातकाल लागू करने और उच्चतर न्यायालयों के न्यायाधीशों को हिरासत में लेने के मामले में आरोपी है। इस मामले में दोषी पाए जाने पर मुशर्रफ को मृत्युदंड या उम्रकैद तक की सजा हो सकती है। अदालत के बाहर मुशर्रफ के वकील अहमद रजा कसूरी ने कहा, ‘‘वह अदालत आना चाहते थे, लेकिन अचानक उनकी तबियत खराब हो गयी और इस वजह से उन्हें सैन्य अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। खुदा उन्हें सलामत रखे।’’

जब उनसे पूछा गया कि क्या मुशर्रफ अदालत से भयभीत थे, तो कसूरी ने कहा, ‘‘वह एक कमांडो हैं और एक कमांडो का स्वभाव होता है कि वह डरता नहीं।’’ इससे पहले भी मुशर्रफ रास्ते में बम पाए जाने के बाद अदालत में पेश नहीं हो पाए थे। आज वह चक शहजाद स्थित अपने भव्य फार्महाउस से अदालत के लिए रवाना तो हुए थे, लेकिन बीच रास्ते में ही उनका काफिला अस्पताल की ओर मुड़ गया। 

इससे पहले आज दिन की शुरुआत में विशेष अदालत में काफी नाटकीय घटनाक्रम देखा गया, जहां मुशर्रफ के वकील अनवर मंसूर ने अपने घर के बाहर कथित हंगामे की वजह से नींद पूरी नहीं हो पाने का हवाला देते हुए अदालत से बहिर्गमन कर दिया। मंसूर ने अदालत से कहा, ‘‘मैं खतरे में हूं.. देर रात एक बजे से लेकर सबुह पांच बजे तक कोई मेरे दरवाजे की घंटी बजाता रहा।’’ इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अपने 40 वर्षों के कॅरियर में उन्होंने ऐसी किसी घटना का सामना नहीं किया।

अदालत ने उन्हें इस मामले की जांच का भरोसा दिया, लेकिन वह अदालत से बाहर चले गए और उनके पीछे मुशर्रफ के कानूनी दल के अन्य सदस्य भी अदालत से बाहर चले गए। मुशर्रफ के खिलाफ चल रहा देशद्रोह का यह मामला देश की मुखर असैन्य सरकार और शक्तिशाली सेना के बीच के संबंधों का परीक्षण है। मुशर्रफ के कानूनी दल के प्रमुख शरीफुद्दीन पीरजादा ने दावा किया कि इस मामले में मुख्य अभियोजक एडवोकेट अकरम शेख ने बैरिस्टर इब्राहिम सत्ती के जरिए उन्हें कथित रूप से धमकी दी है। सत्ती पूर्व राष्ट्रपति के एक अन्य वकील हैं। इसके बाद मुशर्रफ के फार्महाउस से लेकर अदालत परिसर तक कड़ी सुरक्षा के बीच उनके खिलाफ देशद्रोह के मामले की सुनवाई दोबारा शुरू हुई। अदालत ने मुशर्रफ को आज पेश होने का आदेश दिया था और ऐसा नहीं करने पर उनके खिलाफ व्यवस्था सुनाने की चेतावनी दी थी। मुशर्रफ के कानूनी दल ने विशेष अदालत में याचिका दायर कर उन्हें सोमवार तक पेशी से छूट देने की अपील की थी।

अगस्ता वेस्टलैंड वीवीआईपी हेलीकाप्टर सौदा रद्द

नई दिल्ली : 01 जनवरी 2014 :रक्षा मंत्री एके एंटनी की आज सवेरे प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से हुई मुलाकात के बाद करार रद्द करने का फैसला किया गया। यह करार वीवीआईपी के लिए 12 हेलीकॉप्टरों की आपूर्ति से जुड़ा है और अगस्तावेस्टलैंड इनमें से तीन की आपूर्ति पहले ही कर चुकी है। रक्षा मंत्रालय सूत्रों ने बताया कि भारत ने एंग्लो-इतालवी कंपनी के खिलाफ पंचाट में जाने का फैसला किया है।

कमीशन के भुगतान की खबरें आने के बाद भारतीय वायुसेना को दिए जाने वाले 12 एडब्ल्यू-101 वीवीआईपी हेलीकॉप्टरों की आपूर्ति के अनुबंध पर सरकार ने पिछले साल फरवरी में रोक लगा दी थी । इस मामले में आरोपी कंपनी के दो शीर्ष अधिकारियों को इटली में गिरफ्तार किया जा चुका है। जिस वक्त अनुबंध पर रोक लगाने का आदेश जारी किया गया उस वक्त भारत 30 फीसदी भुगतान कर चुका था और तीन अन्य हेलीकॉप्टरों के लिए आगे के भुगतान की प्रक्रिया चल रही थी।

रक्षा मंत्रालय पिछले 10 महीनों में अगस्तावेस्टलैंड को दो कारण बताओ नोटिस जारी कर चुका है। कंपनी ने अपने जवाब में किसी भी गलत काम से इंकार किया है पर सरकार उनकी दलील खारिज कर चुकी है। सूत्रों ने बताया कि मंत्रालय को इटली में कथित बिचौलिये से जब्त किए गए दस्तावेज भी हाथ लगे और उम्मीद जतायी जा रही है कि उन्हीं के आधार पर करार रद्द करने का फैसला किया गया। कई महीने पहले रक्षा मंत्रालय द्वारा अनुबंध पर रोक लगाने के तुरंत बाद कंपनी ने आरोप लगाया था कि भारत ‘‘एकतरफा’’ तरीके से पेश आ रहा है और उसके खिलाफ पंचाट की कार्यवाही शुरू कर दी है। मंत्रालय ने उस वक्त कंपनी के साथ कानूनी लड़ाई से इंकार कर दिया था। भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) ने भी इस करार में खामियां बतायी थीं।

ट्रेन हादसा: फोरेंसिक विशेषज्ञों ने जांच शुरू की

 हैदराबाद :29 दिसंबर 2013 : फोरेंसिक विशेषज्ञों ने बेंगलूर-नांदेड़ एक्सप्रेस के दुर्घटनाग्रस्त एसी कोच की छानबीन और उससे सबूत जुटाने का काम शुरू कर दिया है। आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में ट्रेन के एसी डिब्बे में शनिवार को आग लग जाने से 26 लोगों की मौत हो गयी। अनंतपुर के डीएसपी एस सेंथिल कुमार ने फोन पर बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए आंध्र प्रदेश फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला के 13 सदस्यीय दल ने सबूत जुटाना शुरू कर दिया है। बेंगलूर-नांदेड़ एक्सप्रेस के एक एसी कोच में कल कोथाचेरूवू स्टेशन के पास भयावह आग लग जाने से मारे गये 26 लोगों में दो बच्चे भी शामिल हैं। दुर्घटना में 13 लोग घायल हो गये। प्रारंभिक ऑटोप्सी के बाद 26 शवों को बेंगलूर के एक अस्पताल में भेजा गया है। शवों की पहचान नहीं हो पाने के कारण डीएनए जांच की गयी। जीआरपी के एक अधिकारी ने जहां अभी तक 13 शवों की पहचान की बात कही है, वहीं बेंगलूर से मिली खबरों के अनुसार 20 शवों की पहचान हो गयी है और इनमें से आठ को रिश्तेदारों को सुपुर्द कर दिया गया है।बेंगलूर में रेलवे के व्यावसायिक प्रबंधक रमेश ने कहा, ‘‘बेंगलूर-नांदेड़ एक्सप्रेस ट्रेन में भयावह आग में जल जाने से मारे गये 20 लोगों की पहचान कर ली गयी है। इनमें से आठ को उनके रिश्तेदारों के सुपुर्द कर दिया गया है।’’ उन्होंने कहा कि अज्ञात शवों को डीएनए जांच के लिए भेज दिया गया है। रमेश ने कहा, ‘‘इन परीक्षणों में कम से कम 48 घंटे या इससे अधिक वक्त लगता है। यह डॉक्टरों पर निर्भर करता है। हम मृतकों के परिजनों से अनुरोध करते हैं कि स्वयं आकर ट्रेन दुर्घटना के शिकार लोगों के शवों की पहचान करें।’’ शुरूआती रिपोर्ट के आधार पर आंध्र प्रदेश पुलिस ने पहले कहा था कि आग लगने का कारण एयर-कंडीशनिंग इकाई के पास शॉर्ट-सर्किट होना हो सकता है। रेल मंत्री मल्लिकार्जुन खड़गे ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की सहायता राशि, गंभीर रूप से घायलों को 1 लाख रुपये और सामान्य घायलों को 50,000 रुपये देने की घोषणा की।

सहमति से तैयार तलाक दस्तावेज वैध नहीं: कोर्ट

 मुंबई:  29 दिसंबर 2013 :बंबई उच्च न्यायालय ने कहा है कि महज आपसी सहमति से कोई दस्तावेज तैयार कर पति-पत्नी तलाक नहीं ले सकते। उच्च न्यायालय ने एक परिवार अदालत के उस आदेश को भी खारिज कर दिया जिसने आपसी सहमति से छह महीने की आवश्यक इंतजार अवधि में छूट के साथ तलाक मांगने वाले दंपति की याचिका खारिज कर दी थी। दंपति, मित्तल और मनोज पंचाल की हिंदू रीति रिवाज से अप्रैल 2007 में शादी हुयी थी लेकिन एक साल के भीतर ही विचारों में सामंजस्य नहीं होने और भिन्नता के कारण विवाद उत्पन्न हो गया। उन्होंने अलग होने का फैसला किया और जून 2011 में आपसी सहमति से ‘तलाक का दस्तावेज’ तैयार किया। उस समय उनको इसकी जानकारी नहीं थी कि इस तरह के तलाक को कानून मान्यता नहीं देता।


दोनों ने फिर शादी की और महिला ने अमेरिकी वीजा के लिए आवेदन किया क्योंकि उसका दूसरा पति वहीं रह रहा था। हालांकि, उसे वीजा नहीं मिला क्योंकि अमेरिकी दूतावास ने अदालती तलाक आदेश की मांग की। बाद में उसने अपने पहले पति से मदद मांगी जिसने सहयोग किया। जरूरी छह महीने की इंतजार अवधि में छूट की मांग करते हुए आपसी सहमति से तलाक के लिए दोनों ने हिंदू विवाह कानून की धारा 13-बी के तहत परिवार अदालत में याचिका दाखिल की। परिवार अदालत ने उनकी याचिका खारिज कर दी जिसके बाद महिला ने बंबई उच्च न्यायालय का रूख किया। न्यायमूर्ति वीके ताहिलरमाणी की अध्यक्षता वाली उच्च न्यायालय की एक पीठ ने हाल में आदेश दिया कि हमारी राय है कि परिवार अदालत का आदेश तथ्यों और कानून के हिसाब से मानने योग्य नहीं है। )


परिवार अदालत ने यह भी कहा कि तलाक के कागजात, याचिकाकर्ताओं के बीच एक समझौता होने के कारण खारिज नहीं किया जा सकता सिवाए इस आधार पर कि करार के लिए इसे जबरदस्ती अथवा दबाव अथवा धोखाधड़ी से लाया गया हो। उच्च न्यायालय ने कहा कि याचिका को खारिज करने के लिए परिवार अदालत के बताए गए तर्क कानूनी तौर पर खरे नहीं उतरते। पीठ ने कहा कि तलाक को माना जाना चाहिए क्योंकि शादी खत्म हो चुकी थी और बाद में दोनों पक्ष अलग-अलग हो गए तथा तलाक के लिए आपस में सहमत हुए। पीठ ने कहा कि हिंदू कानून के तहत विवाह को दो लोगों के बीच अनुबंध के तौर पर नहीं माना जाता। हिंदू कानून के तहत इसे दो लोगों के बीच पवित्र रिश्ता माना जाता है। उच्च न्यायालय ने कहा कि दंपति के बीच तलाक का पत्र तामील होने के बावजूद शिकायतकर्ताओं के बीच कानूनी तौर पर शादी का बंधन नहीं खत्म हुआ था। इसलिए हिंदू विवाह कानून की धारा 13 बी के तहत दायर याचिका विचार योग्य है। पीठ ने कहा कि चूंकि दोनों ने फिर शादी कर ली इसलिए जरूरी छह माह की अवधि तक इंतजार करने के लिए कहने की कोई वजह नहीं है। इसलिए, इस मामले को तलाक आदेश जारी करने के लिए परिवार अदालत को वापस भेजा जाता है और पक्षों से 2 जनवरी 2014 को परिवार अदालत के सामने उपस्थिति होने को कहा जाता है।

लैपटॉप में 150 पाक आतंकियों के नाम

रायपुर !  प्रतिबंधित संगठन इंडियन मुजाहिद्दीन (आईएम) के गिरफ्तार आतंकी धीरज साव से पुलिस को एक लेपटॉप बरामद हुआ है। पकड़े जाने के डर से वह लेपटॉप को तोड़ दिया था। पुलिस लेपटॉप के हार्डडिस्क की जांच कर रही है। राय की एटीएस टीम ने दावा किया है कि धीरज साव पाकिस्तानी आतंकी को भी फंडिंग करता था। आतंकी के पास से पाए गए हार्डडिस्क से करीबन 150 आतंकियों का नाम का खुलासा हुआ है, जिससे वह फंडिंग करता था। इसके आलवा आतंकी ने स्वीकार किया की है कि वह इस कार्य के लिए अपने एक दोस्त का एकाउंट का भी उपयोग किया करता था। एटीएस की टीम आतंकी धीरज साव से लगातार पूछताछ कर रही है। एएसपी श्वेता सिन्हा ने बताया कि आईएम के गिरफ्तार आतंकी धीरज साव से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है। पूछताछ के दौरान उसने अहम् खुलासा किया है। पुलिस ने धीरज साव के पास से एक लेपटॉप बरामद किया है। लेपटॉप में किसको और कितना धन मुहैया कराया गया है, इसके बारे में जानकारी है। आतंकी ने पकड़े जाने के डर से लेपटॉप को तोड़ दिया था। पुलिस लेपटॉप के हार्डडिस्क को जब्त कर उसकी जांच कर रही है। एएसपी ने बताया कि आतंकी धीरज साव पाकिस्तान के आतंकियों को भी धन मुहैय्या कराता था। पुलिस को एक लिस्ट मिली है, जिसमें उन आतंकियों के नाम व उनके एकाउंट नंबर मौजूद हैं। पुलिस अभी उन लोगों के नाम का उजागर नहीं कर रही है। आतंकी काफी दिनाें से प्रतिबंधित संगठन से जुड़ा हुआ था और आम आदमियों के बीच रहकर बड़ी आसानी से आतंकियों को धन मुहैया कराता था। इसके लिए वह अपने एक दोस्त का एकाउंट का भी उपयोग किया करता था।

आतंकी संगठन आईएम के लिए काम करने वाले खमतराई के ट्रांसपोर्ट नगर निवासी चिकन ठेला चलाने वाले धीरज साव को दो दिन पहले रायपुर एटीएस ने गिरफ्तार किया था। वह 2 जनवरी तक पुलिस रिमांड पर है। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि उसका सीधा संपर्क पाकिस्तान में आतंकी संगठन चलाने वाले खालिद से रहा है। खालिद दाउद इब्राहिम का खास बताया जा रहा है। पूछताछ में धीरज ने पुलिस को बताया कि उसके बिहार जामुई निवासी एक व्यय्ति के माध्यम से उसका संपर्क पाकिस्तान निवासी कुछ लोगों से हुआ था। आतंकी मामले में रायपुर एटीएस उससे पूछताछ कर रही है। एनआईए और दूसरे रायों की पुलिस भी उससे पूछताछ कर सकती है। धीरज साव खमतराई क्षेत्र में एक चिकन और एक अंडे का ठेला चलवाता था। इसके लिए उसने चार नौकर भी रखे थे। धीरज के पकड़े जाने के बाद से ट्रांसपोर्ट नगर में उसको लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। धीरज के खाते से पुलिस को एक करोड़ से अधिक का लेन- देन का रिकार्ड मिला है। इन रूपयों को कहां-कहां बांटा गया है पुलिस इसका भी पता लगा रही है। 

मुजफ्फरनगर दंगा : राहत शिविर पर चला बुल्डोजर

मुजफ्फरनगर !  राहत शिविरों में रह रहे दंगा पीडितों पर इस कडाके की ठंड में हुई प्रशासनिक कार्रवाई ने उनकी पीडा बढा दी है। राहत शिविरों को खाली कराने की मुहिम शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने लोई में राहत शिविर से जबरन 17 परिवारों को हटा दिया। टेंट लगे स्थानों को जेसीबी मशीन से समतल कर दिया गया। इस कार्रवाई का पीड़ित परिवारों ने विरोध किया लेकिन प्रशासन के कड़े रुख के आगे उनकी एक न चली। जानकारी के अनुसार, शाहपुर कस्बे के पास तंबुओं में रह रहे दस परिवार भी तंबू उखाड़ कर चले गए। इन सभी को राहत राशि मिल चुकी है। प्रशासन की कार्रवाई में लोई के राहत शिविर से हटाए गए परिवारों में कोई वापस अपने गांव, तो कोई रिश्तेदारी में चला गया। तहसीलदार की अगुवाई में चली कार्रवाई के दौरान पीड़ित परिवारों ने विरोध करना शुरू कर दिया, लेकिन उनकी एक न चली। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार जिस जमीन पर पीड़ित लोग रह रहें हैं वह सरकारी जमीन है। जिन परिवारों को हटाया गया है, उन सभी को मुआवजे की राशि मिल चुकी है और वे जबरन यहां रह रहे थे। वहां रह रहे अन्य परिवारों को भी तीन दिन के भीतर इस जमीन को खाली करने की चेतावनी दी गई है।  प्रमुख गृह सचिव के बयान पर सरकार की किरकिरी उत्तर प्रदेश के विपक्षी दलों ने मुजफ्फरनगर के राहत शिविरों में रहने वाले पीड़ितों पर बेतुका बयान देने वाले प्रमुख सचिव (गृह) अनिल कुमार गुप्ता के बयान को गैर जिम्मेदाराना और असंवेदनहीन बताते हुए उन्हें पद से हटाने की मांग की। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता एवं विधायक अखिलेश प्रताप सिंह ने कहा, गुप्ता का बयान बहुत गैरजिम्मेदाराना और असंवेदनहीन है। इतने जिम्मेदार पद पर बैठे लोग उन गरीबों के प्रति ऐसी भावना रखते हैं जो ठंड में मर रहे हैं। ऐसे संवेदनहीन व्यक्ति को प्रमुख सचिव (गृह) जैसे पद नहीं होना चाहिए। गुप्ता ने गुरुवार को संवाददाताओं द्वारा पूछे जाने पर कि क्या राहत शिविरों में बच्चों की मौत ठंड से हुई, गुप्ता ने कहा था कि ठंड से किसी की मौत नहीं होती। अगर ऐसा होता तो साईबेरिया में कोई इंसान जिंदा नहीं होता। 

मोदी को वीजा पर नीति नहीं बदलीः अमेरिका

 नरेंद्र मोदी पर अपनी वीजा नीति में किसी तरह का बदलाव न होने की बात पर जोर देते हुए अमेरिका ने कहा है कि भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार वीजा के लिए आवेदन करने के लिए स्वतंत्र हैं और उनके द्वारा आवेदन करने के बाद अमेरिकी कानून के मुताबिक उसकी समीक्षा की जाएगी। विदेश विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया, ‘‘हमारी वीजा नीति में कोई बदलाव नहीं हुआ है। गुजरात के मुख्यमंत्री के बाबत हमारी लंबे समय से नीति रही है कि वह वीजा के लिए आवेदन करने के लिए स्वतंत्र हैं और किसी अन्य आवेदक की तरह उन्हें इसकी समीक्षा का इंतजार करना होगा।’’ प्रवक्ता ने कहा, ‘‘यह समीक्षा अमेरिकी कानून के मुताबिक की जाएगी। इसका नतीजा क्या होगा, इसके बारे में मैं अटकल नहीं लगा सकता।’’ मोदी को 2005 में अमेरिका ने राजनयिक वीजा देने से इंकार कर दिया था।


गोवा में बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद
नए साल के जश्न से पहले गोवा में मादक पदार्थ रोधी विभाग (एनसीबी) ने बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ जब्त किया है। यह मादक पदार्थ आम तौर पर राज्य में समुद्र तटों पर होने वाली पार्टियों में कथित तौर पर इस्तेमाल किया जाता है। एनसीबी ने गुरुवार को तीन स्थानीय लोगों को गिरफ्तार किया और करीब एक करोड़ रूपये मूल्य का केटामाइन बरामद किया। इसे ऐसे समय बरामद किया गया है जब क्रिसमस पार्टियां हो रही थीं और नए साल की पार्टियां होने वाली हैं।
अधिकारियों ने बताया कि गोवा से तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि इन लोगों से पूछताछ के बाद मादक पदार्थ रैकेट का खुलासा होगा। एनसीबी ने दावा किया कि राज्य में केटामाइन की यह अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी है। जब्त किए गए मादक पदार्थ को आम मौर पर ‘पार्टी ड्रग’ कहा जाता है। यह मेडिकल स्टोरों पर भी उपलब्ध होता है, लेकिन इसे सिर्फ डॉक्टर के परामर्श पर ही खरीदा या बेचा जा सकता है।



नंजय को संसद सत्र के लिए नहीं मिली जमानत

बसपा सांसद धनंजय सिंह को दिल्ली की एक अदालत ने संसद के शीतकालीन सत्र में हिस्सा लेने के लिए अंतरिम जमानत देने से आज इंकार कर दिया। धनंजय को अपनी नौकरानी की हत्या के सिलसिले में पत्नी के साथ गिरफ्तार किया गया था। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश दया प्रकाश ने धनंजय की याचिका खारिज कर दी। धनंजय उत्तर प्रदेश के जौनपुर से सांसद हैं। सांसद ने संसद के मौजूदा सत्र में हिस्सा लेने के लिए अंतरिम जमानत की मांग की थी। संसद का शीतकालीन सत्र 20 दिसंबर को समाप्त होना है। धनंजय और उनकी दंत चिकित्सक पत्नी जागृति सिंह तिहाड़ जेल में बंद हैं। जागृति यहां आरएमएल अस्पताल में दंत शल्य चिकित्सक के तौर पर काम करती थीं। उन्हें गत पांच नवंबर को उनकी 35 वर्षीय नौकरानी राखी की मौत के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था। राखी पश्चिम बंगाल की रहने वाली थी। जागृति को आईपीसी की धारा 302 (हत्या), धारा 307 (हत्या का प्रयास), धारा 344 (गलत तरीके से कैद करके रखना) और किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया था।

धनंजय को सबूतों को नष्ट करने, नौकरानी की मौत के बारे में तत्काल पुलिस को सूचित नहीं करने और एक किशोर को नौकर के तौर पर काम पर रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। वह हत्या और उप्र गैंगस्टर अधिनियम के तहत भी आरोपों का सामना कर रहे हैं। इससे पहले मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट मनोचा ने धनंजय की जमानत याचिका 20 नवंबर को खारिज कर दी थी। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ आरोप गंभीर हैं और पूर्व के आचरण की वजह से वह किसी भी तरह की नरमी के हकदार नहीं हैं। धनंजय ने बाद में एक सत्र अदालत के समक्ष जमानत याचिका दी थी लेकिन उनका आवेदन अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश ने खारिज कर दिया था। न्यायाधीश ने यह कहते हुए उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी कि उन्होंने अत्याचारों में ‘सक्रियता से हिस्सा’ लिया। इसने उनके घरेलू नौकरों की विपदा को और बढ़ा दिया।



दिल्ली उच्च न्यायालय का तेजपाल को अंतरिम जमानत से इनकार
नयी दिल्ली : 26 नवंबर 2013: दिल्ली उच्च न्यायालय ने अपनी कनिष्ठ सहकर्मी पर कथित रूप से यौन हमला करने के आरोपी और तहलका संपादक तरूण तेजपाल को गिरफ्तारी से अंतरिम सुरक्षा प्रदान करने से आज इंकार कर दिया। तेजपाल पर आरोप है कि उन्होंने सात और आठ नवंबर को गोवा के एक होटल में अपनी इस सहकर्मी पर यौन हमला किया था। न्यायाधीश सुनीता गुप्ता ने गोवा पुलिस के वकील को अपना जवाब दाखिल करने, यदि कोई है तो, को भी कहा तथा तेजपाल की अग्रिम जमानत याचिका पर कल सुनवाई निर्धारित की। इस बीच, दिल्ली पुलिस ने भी तेजपाल को किसी प्रकार की ट्रांजिट जमानत प्रदान करने की अपील का भी विरोध किया। तेजपाल ने इस मामले में प्राथमिकी को राजनीतिक रूप से प्रेरित बताते हुए आरोप लगाया है कि गोवा के मुख्यमंत्री मामले में अनावश्यक दिलचस्पी ले रहे हैं। गोवा पुलिस के वकील ने कहा, "मैं आरोपी के खिलाफ आरोपों की गंभीरता को देखते हुए मामले का विरोध कर रहा हूं।"


उन्होंने साथ ही कहा कि आरोपी पत्रकार की याचिका की प्रति उन्हें नहीं दी गयी है। तेजपाल का पक्ष रखते हुए वरिष्ठ अधिवक्ता केटीएस तुल्सी और गीता लुथरा ने कहा कि तहलका संपादक को कल तक किसी भी प्रकार की गिरफ्तारी से सुरक्षा प्रदान की जाए। कल अदालत जमानत याचिका पर फिर से सुनवाई शुरू करेगी। अंतरिम सुरक्षा प्रदान करने से इंकार करते हुए न्यायाधीश गुप्ता ने कहा, "मेरे पास याचिका के साथ प्राथमिकी की प्रति तक नहीं है। उन्हें अपना जवाब दाखिल करने दीजिए, उसके बाद मैं देखूंगी।’’ तुल्सी ने कहा, "यह एक राजनीतिक लड़ाई बन चुका है।" उन्होंने कहा, "यह मामला धारा 354 का है (किसी महिला की गरिमा को आहत करना) और यह काल्पनिकता है कि इसे धारा 376 (बलात्कार) का मामला बना दिया गया है। यहां तक कि लड़की ने पुलिस को कोई बयान नहीं दिया है।’’

आरुषि-हेमराज हत्याकांड में तलवार दंपति को आजीवन कारावास
गाजियाबाद :26 नवंबर 2013: गाजियाबाद की सीबीआई अदालत ने दंत चिकित्सक दंपति राजेश और नूपुर तलवार को आज आजीवन कारावास की सजा सुनाई। दोनों को कल अदालत ने अपनी बेटी आरषि और घरेलू नौकर हेमराज की साढ़े पांच साल पहले हत्या करने का दोषी ठहराया था। 49 वर्षीय राजेश और 48 वर्षीय नूपुर को अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश श्याम लाल ने मौत की सजा से बख्श दिया। उन्होंने जांच एजेंसी की अधिकतम सजा की मांग को खारिज कर दिया। इससे पहले सीबीआई ने मामले को जघन्य से जघन्यतम श्रेणी का बताते हुए दोनों के लिए मौत की सजा की मांग की थी।

सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड में सजा पर अदालत के समक्ष दलील देते हुए सीबीआई के वकील आर के सैनी ने कहा कि हत्याएं नृशंस थीं और यह जघन्य से जघन्यतम की श्रेणी में आता है। बचाव पक्ष के वकील तनवीर मीर ने सीबीआई की दलीलों का विरोध किया और कहा कि उनके मुवक्किलों के खिलाफ सबूत कमजोर हैं और उन्होंने तलवार दंपति के प्रति नरमी बरतने की मांग की। दलील सिर्फ पांच मिनट तक चली और उसके बाद न्यायाधीश ने कार्यवाही स्थगित कर दी और शाम साढ़े चार बजे तलवार दंपति को सजा सुनाई। सजा सुनाए जाने के दौरान राजेश और नूपुर तलवार शांत दिखे।

तलवार दंपति को सबूतों को नष्ट करने के लिए भी पांच साल के कारावास जबकि राजेश तलवार को पुलिस में गलत प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए और एक साल के कारावास की सजा सुनाई गई। न्यायाधीश ने जो भी सजाएं सुनाईं वे साथ-साथ चलेंगी। न्यायाधीश ने सजा सुनाने में सीबीआई की ओर से प्रदान किए गए परिस्थितिजन्य सबूतों पर भरोसा किया। दंत चिकित्सक दंपति को कल अपनी 14 वर्षीय बेटी और 45 वर्षीय घरेलू नौकर की हत्या का दोषी ठहराया गया था। यह मामला अनैतिक आचरण और सेक्स, पुलिस की गड़बड़ियों, सीबीआई के बार-बार रख बदलने और मीडिया के पूर्वाग्रह से भरा रहा। यह देश का सर्वाधिक रहस्यमय अपराध का मामला रहा। न्यायाधीश ने तलवार दंपति को कल दोषी ठहराते हुए मानवता के इतिहास में ऐसी सनक का भी उल्लेख किया था जब माता-पिता ने अपनी ही संतान की हत्या की थी।


तलवार दंपति को आईपीसी की धारा 302 (हत्या), धारा 201 (सबूतों को नष्ट करने) और धारा 34 (अपराध करने के लिए साझा मंशा) के लिए दोषी ठहराया था। राजेश को धारा 203 के तहत पुलिस को हेमराज द्वारा उनकी बेटी की हत्या किए जाने के बारे में गलत सूचना देने के लिए भी दोषी ठहराया गया है। सीबीआई के अनुसार दंत चिकित्सक ने आरषि और हेमराज की 15 और 16 मई की दरम्यानी रात को अपने नोएडा स्थित घर में गुस्से में आकर तब हत्या कर दी थी जब उन्होंने दोनों को आपत्तिजनक अवस्था में पाया था। सीबीआई ने कहा कि नूपुर ने इस अपराध में अपने पति की मदद की।

भारत रत्न के लिए चयनित वैज्ञानिक प्रो. सीएनआर राव ने विज्ञान में कम निवेश को मूर्खतापूर्ण कहा
विज्ञान के लिए अपर्याप्त धन मुहैया कराने के लिए नेताओं की आलोचना करने के एक दिन बाद भारत रत्न के लिए चयनित वैज्ञानिक प्रो. सीएनआर राव ने आज कहा कि देश में विज्ञान में अच्छा निवेश नहीं है और यह थोड़ा मूखर्तापूर्ण है। रविवार के अपने बयान को स्पष्ट करने की कोशिश करते हुए राव ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमारा निवेश अच्छा नहीं है और यह थोड़ा मूखर्तापूर्ण है, यही मैंने कहा, मैंने गुस्से में नहीं कहा, मैं गुस्सैल व्यक्ति नहीं हूं, मैं कुछ चाहता था। दुर्भाग्य से, उन्होंने प्राथमिकता को नहीं समझा। यही मैंने कहा।’’

उन्होंने विज्ञान क्षेत्र को अपर्याप्त धन मुहैया कराए जाने पर अपने गुस्से का इजहार करते हुए रविवार को कहा था, ‘‘क्यों इन मूर्खों, इन नेताओं ने हमारे लिए इतना थोड़ा दिया है। उसके बदलते में हम वैज्ञानिकों ने कुछ किया है।’’ देश में वैज्ञानिक शोध के गिरते स्तर के बारे में पूछे जाने पर प्रधानमंत्री के वैज्ञानिक सलाहकार परिषद के अध्यक्ष राव ने कहा था, ‘‘सरकार ने विज्ञान क्षेत्र के लिए जो धन मुहैया कराया है, उस पर हमने काफी कुछ किया है।’’ राव ने आज कहा, ‘‘पहले, उन्हें विज्ञान के सापेक्षिक महत्व को समझना चाहिए, उन्हें हमारी जरूरतों के अनुपात में निवेश करना समझना चाहिए ताकि भारत चमके, उसके लिए हमें समझना होगा कि जरूरत क्या है। इसे नहीं समझा जा रहा है और यह मूखर्तापूर्ण स्थिति है और यही मेरा आशय था।’’

राव ने कहा, ‘‘यह गुस्सा नहीं है आप जानते हैं। मैंने किसी को मूर्ख नहीं कहा। ये दोनों अलग चीजें हैं। दुर्भाग्य से, भाषा का इस्तेमाल किया गया, मुझे उसका इस्तेमाल नहीं करना चाहिए, मैं कभी दोबारा उस शब्द का इस्तेमाल नहीं करूंगा क्योंकि मैंने महसूस नहीं किया कि लोग इसे किसी को मूर्ख बताए जाने के तौर पर लेंगे। मैंने किसी को भी मूर्ख नहीं कहा।’’ ब्रिटिश संसद में इस शब्द का इस्तेमाल किए जाने का उल्लेख करते हुए राव ने कहा, ‘‘वे कहते हैं- प्रधानमंत्री मूखर्तापूर्ण कृत्य कर रहे हैं, उससे कोई परेशान नहीं होता है। मैं नहीं जानता कि आप यहां क्यों परेशान हो रहे हैं।’’ यह पूछे जाने पर कि क्या सरकार को विज्ञान के क्षेत्र में और काम करना है तो उन्होंने कहा, ‘‘वे इसे कर रहे हैं, उन्हें और करना है, यह 20 साल पहले समस्या नहीं थी, यही मैं कहने का प्रयास कर रहा हूं, अब दक्षिण कोरिया ने जापान को पीछे छोड़ दिया है, हम कहां आते हैं। हमारे लोगों को रोजगार कहां मिलने जा रहा है। कहां से अपने लोगों को भोजन देने के लिए उन्हें पैसा मिलेगा।’’ राव ने कहा, ‘‘हमें वह धन अर्जित करना है। उसके लिए हमारे उद्योग को अच्छा करना है, हमारी प्रौद्योगिकी को बेहतर करना है, प्रतिस्पर्धा है इसलिए हमें और निवेश चाहिए।’’ नेताओं की कटु आलोचना के बारे पूछे जाने पर राव ने कहा, ‘‘मैंने कठोर शब्द का इस्तेमाल नहीं किया, यह गलत है। मैंने सिर्फ मूखर्तापूर्ण शब्द का इस्तेमाल किया, यह अंग्रेजी में कठोर शब्द नहीं है। दुर्भाग्य से इसे कठोर शब्द समझा गया।’’


भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के पूर्व अध्यक्ष जी माधवन नायर ने कहा कि शोध के लिए धन बहुत ही कम है लेकिन वह सरकार या नेताओं पर सारा ठीकरा नहीं फोड़ेंगे। उन्होंने एक टीवी चैनल से कहा, ‘‘अगर आप वास्तविक शोध प्रयोगशालाओं या वैज्ञानिकों के लिए पहुंच रहे धन को देखें तो यह बहुत कम है। लेकिन मैं सारा दोष सरकार या नेताओं पर नहीं मढूंगा क्योंकि मैंने वह परिदृश्य कम से कम एक दशक के लिए देखा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘सरकार बड़ी खुशी से वैज्ञानिक विभाग के लिए धन में ठोस वृद्धि की घोषणा करती है।’’

नौसेना को मिला पी-8आई नौवहन गश्ती विमान
अमेरिकी रक्षाक्षेत्र की कंपनी बोइंग ने भारत को उसके दूसरे पी-8आई विमान की आपूर्ति की है। समझा जाता है कि यह विमान भारतीय नौसेना की लंबी दूरी की नौवहन निगरानी और पनडुब्बी-रोधी युद्धक क्षमताओं में वृद्धि करेगा। भारत के लिए पी-8आई विमान बनाने वाले बोइंग ने ऐसे पहले विमान की आपूर्ति मई में दी थी। कंपनी के अगली पीढ़ी के 737 व्यवसायिक विमान, पी-8आई अमेरिकी नौसेना के लिए विकसित किए गए पी-8ए पोसीडन से भिन्न है। बोइंग पी-8आई कार्यक्रम प्रबंधक लेलैंड वाइट ने कहा, ‘‘नेवल स्टेशन राजाली पर अब दो विमान होने से भारतीय नौसेना को पी-8आई के अन्य विमानों के साथ अंतर–संचालन में बेहतर अनुभव होगा।’’


वाइट ने कहा, ‘‘पहले विमान के परीक्षण अच्छे रहे हैं और परीक्षण के लिए उसकी उपलब्धता बेहतरीन रही है। इसकी मुख्य वजह बोइंग की विश्व व्यापी 737 सहयोग क्षमताओं की उपलब्धता है।’’ कल मिले इस विमान की परीक्षण उड़ानें आगामी महीनों में शुरू होंगी। पहले पी-8आई ने हाल ही में अपनी शस्त्र क्षमताओं का परीक्षण पूरा किया है। इसमें एक लक्ष्य पर सफलतापूर्वक बोइंग हारपून मिसाइल दागना और गोले छोड़ना शामिल है।


भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने मार्स ऑर्बिटर को कक्षा से निकालने की प्रक्रिया पूरी की 
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने मार्स ऑर्बिटर अंतरिक्ष यान को कक्षा से बाहर निकालने की पांचवीं और अंतिम अंतिम प्रक्रिया को बीती देर रात अंजाम देते हुए इसके दूरस्थ बिंदु :धरती से सबसे दूर का बिंदु: को 1.92 लाख किलोमीटर तक उठा दिया। इसरो ने बताया कि कक्षा उनन्यन की यह प्रक्रिया बीती देर रात एक बजकर 27 मिनट (भारतीय समयानुसार) पर शुरू हुई और अंतरिक्ष यान को 243.5 सेकंड के बर्न टाइम के साथ दूरस्थ बिंदु को 1,18,642 किलोमीटर से 1,92,874 किलोमीटर पर उठा दिया गया।
अंतरिक्ष एजेंसी को अंतरिक्ष यान को कक्षा से बाहर निकालने के लिए पांच प्रक्रियागत अभियानों में चौथे अभियान के बाद एक पूरक अभियान करना पड़ा। इसके साथ ही इस यान के दूरस्थ बिंदु को 1.92 लाख किलोमीटर से अधिक पर उठा दिया है। इन प्रक्रियाओं को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद मंगल अभियान के लिए एक दिसंबर का दिन काफी महत्वपूर्ण होगा, जब रात करीब 12 बजकर 42 मिनट पर इसका परा-मंगल अंत: प्रक्षेपण किया जाएगा। यह यान 10 महीने से अधिक का सफर पूरा कर 24 सितंबर, 2014 को लाल ग्रह की कक्षा में पहुंचेगा।

इसरो के पीएसएलवी सी-25 ने 1350 किलोग्राम के मंगलयान (मार्स आर्बिटर) को गत 5 नवंबर को श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से दोपहर दो बजकर 38 मिनट पर प्रक्षेपण के करीब 44 मिनट बाद पृथ्वी की कक्षा में भेज दिया था। इसके साथ ही 450 करोड़़ रुपए की लागत वाले इस अभियान का पहला चरण सफलतापूर्वक पूरा हो गया था।
उत्तर प्रदेश में राज्यकर्मियों की हड़ताल जारी
वेतन विसंगतियां दूर करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश के करीब 18 लाख राज्यकर्मचारियों द्वारा शुरू की गयी बेमियादी हड़ताल आज दूसरे दिन भी जारी रही। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद और राज्य कर्मचारी महासंघ के संयुक्त संगठन राज्य कर्मचारी अधिकार मंच द्वारा आहूत इस हड़ताल का व्यापक असर देखा जा रहा है। मंगलवार को पहले दिन हड़ताल का मिलाजुला असर रहा था। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष हरिकिशोर तिवारी ने कहा कि सरकार ने विभिन्न कर्मचारी संगठनों की समस्याओं को सुलझाने के लिखित समझौतों पर कोई कार्रवाई नहीं की। इसके अलावा वेतन विसंगतियां दूर नहीं की गयीं। पदोन्नतियां और पदोन्नति वेतनमान नहीं दिया गया। साथ ही पेंशन बहाली भी नहीं की गयी।

उन्होंने कहा कि राज्य के करीब 18 लाख कर्मचारी 15 सूत्रीय मांगों को लेकर बेमियादी हड़ताल कर रहे हैं। इसमें करीब 250 छोटे-बड़े कर्मचारी संगठन शामिल हैं। आज स्टेनोग्राफर्स एसोसिएशन और सीएमओ कार्यालय के मिनिस्ट्रियल स्टाफ ने भी हड़ताल को समर्थन दिया है। उन्होंने बताया कि हड़ताल के कारण राजधानी लखनऊ के जवाहर भवन, इन्दिरा भवन, स्वास्थ्य निदेशालय तथा निबंधन कार्यालयों समेत पूरे प्रदेश के महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों के शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के दफ्तरों के साथ-साथ सिंचाई, कृषि, स्वास्थ्य, व्यापार कर तथा तहसील कर्मियों के दफ्तरों में कर्मियों ने कामकाज नहीं किया। तिवारी ने बताया कि हड़ताल खत्म कराने के लिये आज भी सरकार की तरफ से बातचीत की कोई पेशकश नहीं की गयी।



कैंपा कोला कालोनी के अवैध फ्लैट गिराने पर रोक
मुंबई की कैंपा कोला सोसायटी के आन्दोलनरत सैकड़ों निवासियों को आज उस समय बड़ी राहत मिली जब उच्चतम न्यायालय ने परिसर में अनधिकृत फ्लैट गिराने की कार्यवाही पर 31 मई, 2014 तक के लिये रोक लगा दी। न्यायालय का यह आदेश दक्षिण मुंबई स्थित कैंपा कोला परिसर में अनधिकृत फ्लैट गिराने के लिये बंबई नगर निगम के भवन गिराने वाले दस्ते के पहुंचने के चंद मिनट बाद आया।

न्यायमूर्ति जीएस सिंघवी की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने मीडिया की खबरों का स्वत: संज्ञान लेते हुये फ्लैट गिराने की कार्यवाही पर रोक लगाने का आदेश दिया। न्यायमूर्ति सिंघवी ने एक अक्तूबर को छह मंजिला इमारत में मंजूरी से अधिक फ्लैट गिराने के अपने पहले के आदेश पर पुनर्विचार करने से इंकार कर दिया था। न्यायालय ने 11 नवंबर तक गैरकानूनी घोषित किये गये 102 फ्लैट खाली करने की समय सीमा निर्धारित की थी।

भारतीय थलसेना के पूर्व प्रमुख जनरल ने कहा भारत में सैन्य तख्तापलट मुमकिन नहीं:
भारतीय थलसेना के पूर्व प्रमुख जनरल (सेवानिवृत) वीके सिंह ने आज जोर देकर कहा कि भारत में तख्तापलट नहीं हो सकता। गौरतलब है कि पिछले साल जब उम्र के मुद्दे पर सरकार से सिंह का विवाद चल रहा था तो उन पर सैन्य तख्तापलट की कोशिश का आरोप लगा था। थलसेना की दो इकाइयों- एक हरियाणा के हिसार की और दूसरी उत्तर प्रदेश के आगरा की- के पिछले साल जनवरी में दिल्ली कूच करने का आरोप लगने के बाद पहली बार सिंह ने ऐसा बयान दिया है।

थलसेना की इकाइयों को दिल्ली की तरफ लाने की सिंह की कोशिश को तख्तापलट की कोशिश के तौर पर देखा गया था। यह पूछे जाने पर कि क्या भारत में तख्तापलट हो सकता है, इस पर सिंह ने एक इंटरव्यू में कहा, ‘‘नहीं। बिल्कुल नहीं। बड़े-बड़े अक्षरों में बता रहा हूं कि बिल्कुल नहीं..इस तरह की चीज नहीं हो सकती।’’ तख्तापलट की कोशिश के आरोप पर तत्कालीन थलसेना प्रमुख ने इस बात को सिरे से खारिज कर दिया कि सेना की दो इकाइयां सरकार गिरा सकती हैं। ऐसी खबरों को ‘‘भद्दा मजाक’’ करार देते हुए सिंह ने कहा, ‘‘उन्हें मेरी विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाना था। इससे थलसेना की छवि को भी नुकसान पहुंचा..इस पूरे वाकये का मकसद एक शख्स की छवि खराब करना था पर दरअसल इससे आप एक संस्था को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। इसकी इजाजत कैसे दी जा सकती है?’’

 सीबीआई प्रमुख ने विवादित टिप्पणी पर माफी मांगी

बलात्कार के संबंध में अपनी टिप्पणी को लेकर आलोचना का सामना कर रहे सीबीआई निदेशक रंजीत सिन्हा ने आज कहा कि यदि अनजाने में उन्होंने किसी को आहत किया है तो वह इसके लिए खेद जताते हैं। उन्होंने कहा कि वह महिलाओं का बेहद सम्मान और आदर करते हैं तथा लैंगिक मुद्दों के प्रति प्रतिबद्ध हैं। सिन्हा ने एक बयान में कहा कि उन्होंने खेलों में सट्टेबाजी को वैध किए जाने के संदर्भ में यह टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने अपनी राय दी थी कि सट्टेबाजी को वैध घोषित कर देना चाहिए। और यदि कानून को लागू नहीं किया जा सकता है तो इसका मतलब यह नहीं है कि कानून बनाए ही नहीं जाने चाहिए। यह कहना उतना ही गलत है जितना यह कहना कि यदि बलात्कार को रोका नहीं जा सकता तो पीड़ित को इसका आनंद उठाना चाहिए।’’

सिन्हा ने कहा, ‘‘यदि कोई आहत हुआ है तो मैं खेद प्रकट करता हूं क्योंकि यह अनजाने में हुआ है। मैं महिलाओं और लैंगिक मुद्दों के प्रति गहरा सम्मान रखता हूं।’’ सिन्हा इंडियन एक्सप्रेस के एडिटर इन चीफ शेखर गुप्ता, पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान राहुल द्रविड तथा बीसीसीआई के भ्रष्टाचार निरोधक प्रमुख आरएन स्वामी तथा अन्य प्रतिभागियों के साथ एक परिचर्चा में भाग ले रहे थे।

‘‘खेलों में नैतिकता तथा निष्ठा: कानून की जरूरत तथा सीबीआई की भूमिका’’ विषय पर बीती रात परिचर्चा में भाग लेते हुए सिन्हा ने कहा था कि देश में सट्टेबाजी को वैधानिक दर्जा दिए जाने में कोई हानि नहीं है। उन्होंने कहा था, ''यदि आप सट्टेबाजी पर प्रतिबंध को लागू नहीं करवा सकते तो यह कहना ऐसा है कि यदि आप बलात्कार को रोक नहीं सकते तो उसका मजा लें।’’ सिन्हा ने आज कहा कि कानून का कड़ाई से पालन किया जाना चाहिए और कानून के अनुपालन का अभाव या उसके क्रियान्वयन में इच्छाशक्ति की कमी का मतलब यह नहीं है कि कानून नहीं बनाया जाना चाहिए।

आस्ट्रेलिया के साथ अपने संबंधों को किसी तरह की समस्या से परे बताते हुए भारत ने आज कहा कि आस्ट्रेलिया के साथ रिश्तों में कोई दिक्कत नहीं
आस्ट्रेलिया के साथ अपने संबंधों को किसी तरह की समस्या से परे बताते हुए भारत ने आज कहा कि रिश्तों में अच्छी प्रगति हो रही है और इस संसाधन संपन्न देश के साथ रिश्तों में बेहतरी की गुंजाइश है। विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने यह स्वीकार करते हुए कि द्विपक्षीय संबंधों की पूरी क्षमता का दोहन नहीं हुआ है, कहा, ‘‘हमें (भारत में) आस्ट्रेलिया के साथ संबंधों में और ऊर्जा डालने की जरूरत है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘रिश्तों में व्यापक गुंजाइश है। हमें आस्ट्रेलिया के प्राकृतिक संसाधनों, खास तौर से कोयला और कुछ अन्य खनिजों, जो आपके यहां बहुतायत में हैं, पर निर्भरता बढ़ानी होगी। हमें आस्ट्रेलिया के साथ और करीबी से काम करना होगा।’’


खुर्शीद ने कहा कि वह प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से आग्रह करेंगे कि भारत में अगले वर्ष होने वाले आम चुनाव से पहले वह आस्ट्रेलिया की यात्रा करें। आस्ट्रेलिया के एक अखबार के साथ इंटरव्यू के दौरान खुर्शीद ने कहा, ‘‘मैं प्रधानमंत्री से जरूर कहूंगा कि वह चुनावी मौसम से पहले यहां आएं।’’ खुर्शीद ने कहा, ‘‘आस्ट्रेलिया के साथ संबंधों में कोई समस्या नहीं है। आप बहुत से भारतीय छात्रों को यहां आकर्षित करते हैं। यह पीढ़ियों तक हमें बांध देगा। भारत और आस्ट्रेलिया हिंद महासागर में भी मिलकर एक बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।’’ भारत की हालिया आर्थिक हालत पर खुर्शीद ने कहा, ‘‘पांच प्रतिशत वृद्धि कुछ देशों के लिए अच्छी हो सकती है, लेकिन हमें 8 प्रतिशत की जरूरत है और हम 8 प्रतिशत हासिल करेंगे।’’ उन्होंने कहा कि सरकार विदेशी निवेश को आकर्षित करने के लिए कुछ उपायों की घोषणा करने के लिए वचनबद्ध है।

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो)मंगल अभियान पूरी तरह सुरक्षित है 
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ‘मार्स ऑर्बिटर अंतरिक्ष यान’ को कक्षा में आगे बढ़ाने के लिए चलाए गए चौथे अभियान के लक्ष्य को पूरी तरह से प्राप्त करने में आज नाकाम हो गया, लेकिन ‘लाल ग्रह’ के लिए इस महात्वाकांक्षी परियोजना को लेकर चिंता करने की कोई बात नहीं कही गई है। इस प्रक्रिया के तहत 71,623 किलोमीटर से एक लाख किलोमीटर की दूरी तय करने का लक्ष्य रखा गया था लेकिन यह 35 मीटर प्रति सेकेंड की वेग से सिर्फ 78,276 किलोमीटर की दूरी तय कर सका जबकि इसे 130 मीटर प्रति सेकेंड की वेग से आगे बढ़ाने की योजना थी। इसरो के प्रवक्ता ने यहां बताया, ‘‘अंतरिक्ष यान अपनी सामान्य स्थिति में है। चिंता की कोई बात नहीं है। प्रणाली में कोई समस्या नहीं है। मंगल अभियान 100 फीसदी सुरक्षित है।’’


बेंगलूर आधारित इसरो की योजना अब मंगलवार सुबह पांच बजे यान की कक्षा में पूरक बढ़ोतरी करने की है ताकि करीब एक लाख किलोमीटर के दूरस्थ लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके। इसरो ने बताया कि एक निर्धारित प्रक्रिया के तहत जब प्राथमिक एवं ‘अतिरिक्त क्वाइल’ को एक साथ ऊर्जा दी गई तब तरल ईंजन को ऊर्जा का प्रवाह रूक गया। उम्मीद के मुताबिक अभियान ‘एटीट्यूड कंट्रोल थ्रस्टर्स’ के उपयोग से जारी रहा। इसके परिणामस्वरूप वेग में कमी आ गई।

फिलीपीन में आए महा तूफान से 10,000 लोग मारे गये!
फिलीपीन में आए महा तूफान ने देश के कई शहरों को पूरी तरह तहस नहस कर दिया है और अधिकारियों ने इसमें 10,000 से अधिक लोगों के मारे जाने की आशंका जतायी है। यह देश की अब तक की सबसे घातक प्राकृतिक आपदा हो सकती है। ‘हैयान’ तूफान की विभीषिका के बीच तीसरे दिन भी आपदा से बचे असंख्य लोग मदद का इंतजार करते रहे। वहीं अमेरिका ने राहत प्रयासों के लिए सैन्य मदद देने की बात कही है।
तूफान से सर्वाधिक प्रभावित लेयते प्रांत की राजधानी तकलोबान में क्षेत्रीय पुलिस प्रमुख एल्मर सोरिया ने कहा कि प्रांत में दस हजार लोगों के मारे जाने की आशंका है। सोरिया ने कहा, ‘‘हमने शनिवार रात गवर्नर के साथ बैठक की। सरकारी अनुमान के अनुसार 10,000 लोगों के मारे जाने की आशंका है। तूफान के रास्ते में आए करीब 70 से 80 प्रतिशत मकान एवं ढांचे क्षतिग्रस्त हो गए।’’ दो लाख 20 हजार की आबादी वाले तकलोबान शहर और दूसरे तटीय शहरों की हालत सुनामी के बाद के हालात जैसी है। यहां बहुत से घरों के कुछ ही हिस्से बचे हैं, वाहन उल्टे गिरे पाए गए और बिजली के तार क्षतिग्रस्त हो गए। तकलोबान में संयुक्त राष्ट्र आपदा आकलन समन्वय समिति के अध्यक्ष सेबस्टियन रोडेज स्टंपा ने कहा, ‘‘बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। कारें हवा में पत्तों की तरह उड़ रही थीं और सड़कें मलबे से भरी हैं।’’ साल 2004 में आयी सुनामी जिसमें करीब 2,20,000 लोग मारे गए थे, की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘इससे पहले मैंने हिन्द महासागर में आई सुनामी में ऐसी क्षति देखी थी।’’

ब्रिटिश प्रधानमंत्री डेविड कैमरन को सिख समुदाय के प्रति उनकी सेवाओं के लिए एक विशेष पुरस्कार (स्पेशल रिकॉग्निशन एवार्ड) से सम्मानित किया गया।

भारत की आगामी यात्रा से पहले ब्रिटिश प्रधानमंत्री डेविड कैमरन को सिख समुदाय के प्रति उनकी सेवाओं के लिए एक विशेष पुरस्कार (स्पेशल रिकॉग्निशन एवार्ड) से सम्मानित किया गया। सिख पुरस्कार 2013 के साथ प्रशस्ति पत्र में कहा गया कि डेविड कैमरन इस वर्ष की शुरूआत में भारत की अपनी यात्रा के दौरान दरबार साहिब (स्वर्ण मंदिर) में सम्मान प्रकट करने वाले पहले वर्तमान प्रधानमंत्री बने। इसमें कहा गया कि अमृतसर में जलियांवाला बाग में स्मारक स्थल पर कैमरन ने वर्ष 1919 में हुए अमृतसर नरसंहार के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की थी। इसमें कहा गया कि कैमरन ने स्मारक पुस्तिका में लिखते हुए नरसंहार को ‘ब्रिटिश इतिहास की बहुत शर्मनाक घटना’ करार दिया था और कहा कि हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि यहां क्या हुआ था। प्रशस्ति पत्र में कहा गया कि कैमरन डाउनिंग स्ट्रीट पर वैशाखी उत्सव रिसेप्शन आयोजित करने वाले ब्रिटेन के पहले प्रधानमंत्री हैं। इस मौके पर उनके आवास पर पहली बार कीर्तन आयोजित किया गया

असंवैधानिक सीबीआई पर गौहाटी हाईकोर्ट के फैसले पर  सुप्रीम कोर्ट ने दिया अंतरिम स्टे
सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई को असंवैधानिक ठहराए जाने संबंधी गौहाटी हाईकोर्ट के फैसले पर शनिवार को रोक लगा दी है। इस मामले में अब 6 दिसंबर को आगे सुनवाई होगी। केंद्र सरकार नेगौहाटी हाईकोर्ट के फैसले को आज सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य न्यायाधीश के घर पर मुख्य न्यायाधीश समेत दो न्यायाधीशों की खंडपीठ ने इसकी सुनवाई की जहाँ दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी दलीलें पेश कीं। भारत सरकार के एटॉर्नी जनरल ने कहा कि उन्हें इस मामले में जरूरी दस्तावेज जुटाने के लिए और समय की जरूरत है। अदालत ने मामले में आगे सुनवाई के लिए छह दिसंबर की तारीख तय की और फिलहाल सीबीआई तथा केंद्र सरकार को फौरी राहत देते हुए हाईकोर्ट के फैसले पर स्टे ऑर्डर जारी कर दिया।


माइक्रोसॉफ्ट के प्रमुख बिल गेट्स ने पोलियो उन्मूलनअभियान में भारत की सफलता को सराहा

माइक्रोसॉफ्ट के प्रमुख बिल गेट्स ने पोलियो उन्मूलन में भारत की कामयाबी को ‘सबसे प्रभावी वैश्विक स्वास्थ्य सफलता’ करार दिया है। ‘वाल स्ट्रीट जनरल’ की वेबसाइट पर प्रकाशित गेट्स के लेख में भारत की जमकर की सराहना की गई है। उन्होंने ‘व्हाट आई लर्न्ड इन द फाइट अगेंस्ट पोलियो’ नामक लेख लिखा है। उन्होंने कहा, ‘‘पोलियो उन्मूलन में भारत की कामयाबी निश्चित तौर पर सबसे प्रभावी वैश्विक स्वास्थ्य सेवा है। ऐसा मैंने पहली बार देखा है।’’ गेट्स ने कहा, ‘‘भारत की सफलता बताती है कि मानव कल्याण के हर क्षेत्र में सबसे कठिन चुनौतियों पर विजय पाई जा सकती है।’’ उन्होंने पोलियो उन्मूलन में भारत की सफलता में स्वास्थ्यकर्मियों, आम नागरिकों तथा गरीब तबके कुछ लोगों सहित पूरे भारतीय समाज के सहयोग का बड़ा योगदान रहा है। इस अमेरिकी अरबपति ने कहा, ‘‘मुझे भारत के बारे में पहले इतनी जानकारी नहीं थी जो अब है। मैंने भारत की वास्तविक प्रतिभा और उर्जा को देखा था, लेकिन एक लक्ष्य को हासिल करने के लिए अमीर, रसूखदार और गरीब लोगों के साथ मिलकर काम करने की छिपी हुई क्षमता को पहली बार देखा है।’’



योग गुरु बाबा रामदेव ने ‘‘साधुओं’’ पर उठ रहे सवालों पर विराम लगाने के उद्देश्य से आज कहा कि साधुओं के लिए भी एक आचार संहिता होनी चाहिए।
योग गुरु बाबा रामदेव ने ‘‘साधुओं’’ पर उठ रहे सवालों पर विराम लगाने के उद्देश्य से आज कहा कि उनके लिए भी एक आचार संहिता होनी चाहिए। बाबा रामदेव आज यहां पिंक सिटी प्रेस क्लब में संवाददाताओं से बात कर रहे थे। जब उनसे आसाराम के संदर्भ में पूछा गया कि समाज किन साधुओं पर विश्वास करे तो उन्होंने कहा कि साधु पाप करते हैं तो उन्हें सामान्य लोगों को दिए जाने वाले दंड से अधिक दंड दिया जाना चाहिए। ‘‘मौजूदा दौर में तो पति पत्नी के बीच विश्वास टूटा हुआ है।’’ उन्होंने कहा कि धर्म सत्ता और राज सत्ता में काफी पतन हुआ है इसमें सुधार की जरूरत है।
रामदेव ने एक अन्य प्रश्न के जवाब में कहा, ‘‘मैं सीधे तौर पर राजनीति में प्रवेश नहीं करूंगा। मेरे सामने दो जिम्मेदारियां है। इनमें एक ऋषि संस्कृति के कर्तव्यों को निभाना और दूसरी देश के समक्ष नेतृत्व संकट का समाधान करना है। मैं राष्ट्रधर्म के कर्तव्य को निभाउंगा।’’ बाबा रामदेव ने भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी को बिना भगवे वाला फकीर बताते हुए कहा ‘‘मोदी लुटेरा नहीं हो सकता, भ्रष्टाचारी नहीं हो सकता, देश नहीं तोड़ सकता इसलिए हमने उस पर भरोसा किया है।’’ उन्होंने कहा ‘‘परिवर्तन संवैधानिक प्रक्रिया से ही आएगा इसलिए हमने मोदी को व्यक्तित्व के रूप में चुना है पार्टी के रूप में नहीं।’’ रामदेव ने कहा कि अपने जीवन को प्रामाणिकता के साथ जीने से ही देश को संकट से उबारा जा सकता है।
योग गुरु रामदेव ने गुवाहाटी उच्च न्यायालय द्वारा केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को असंवैधानिक करार दिए जाने को देश के लोकतंत्र की बड़ी घटना बताते हुए कहा कि उच्चतम न्यायालय को तुंरत इस पर अपनी विवेचना देनी चाहिए वर्ना देश में संवैधानिक संकट पैदा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार संवैधानिक ढंग से कामकाज नहीं कर कांग्रेस की मुखिया (सोनिया गांधी) और कांग्रेस के राजकुमार (राहुल गांधी) के इशारे पर काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस संसद और संविधान पर अतिक्रमण कर चुकी है इसलिए सत्ता में रहने का अधिकार खो चुकी है। योग गुरु रामदेव ने राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री उम्मीदवार के लिए घोषित वसुंधरा राजे के बारे में पूछे गए प्रश्नों को टालते हुए कहा ''राजस्थान भारतीय जनता पार्टी में एक मात्र कद्दावर नेता घनश्याम तिवाड़ी हैं। भाजपा में सक्षम, सही नेतृत्व देने में कई कई दृष्टियों में महत्वपूर्ण व्यक्ति होने के तौर पर तिवाड़ी को मैं शुभकामना दे सकता हूं।''

अमेरिका में हाल ही संपन्न प्रांतीय विधायिकाओं और स्थानीय निकाय के चुनाव में भारतीय मूल के 5 जीते
अमेरिका में हाल ही संपन्न प्रांतीय विधायिकाओं और स्थानीय निकाय के चुनाव में भारतीय मूल के कम से कम पांच लोगों ने जीत हासिल की है। न्यू जर्सी प्रांत की एसेंबली के चुनाव में भारतीय मूल के राज मुखर्जी निर्वाचित हुए हैं। जर्सी सिटी के पूर्व उप मेयर राज ने न्यू जर्सी के 33वें लेजिस्लेटिव डिस्ट्रिक से जीत हासिल की है। उन्होंने पहली बार में ही डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर जीत हासिल की। उन्होंने जून में हुए प्राथमिक चुनाव में 36 अंकों के अंतर से जीत दर्ज की थी। वैसे न्यू जर्सी की एसेंबली में भारतीय मूल उपेंद्र चिवकुला काफी पहले से सदस्य हैं। नेल्लोर में पैदा हुए चिवकुला साल 2002 से एसेंबली की सदस्यता को कायम रखे हुए हैं। न्यू जर्सी में चार फीसदी से अधिक आबादी दक्षिण एशियाई लोगों की है। इस प्रांत की कुल आबादी करीब 90 लाख है। न्यू हैम्पशायर में 52 साल की डेमोक्रेट उम्मीदवार लता मंगीपुदी ने विशेष प्रांतीय प्रतिनिधि के चुनाव में अपने प्रतिद्वंद्वी पीटर सिल्वा को 18 अंकों के अंतर से पराजित किया। न्यू जर्सी की एडिसन नगर निकाय की एक सीट पर जीत दर्ज की है। 36 वर्षीय सपना एडिसन शिक्षा बोर्ड के साथ साल 2011 से काम कर रही हैं। वह पेशे से वकील हैं। उत्तरी कैरोलिना में मोरिसविले सिटी काउंसिल के चुनाव में भारतीय मूल के स्टीव राव ने अपनी सीट बरकरार रखी है।

मध्य प्रदेश में इस माह 25 नवंबर को होने वाले विधान सभा चुनाव में पेड न्यूज की पहचान कर रही है सी-डेक
मध्य प्रदेश में इस माह 25 नवंबर को होने वाले विधान सभा चुनाव में सी-डेक राज्य स्तर पर पेड न्यूज के मामलों की पहचान कर रही है। चुनाव आयोग के सूत्रों के अनुसार भारत के निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के दौरान राज्य एवं जिला स्तर पर मीडिया प्रमाणन एवं अनुवीक्षण समिति (एमसीएमसी) का गठन किया गया है। यह समिति 24 घंटे और सातों दिन कार्य कर रही है। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय में राज्य स्तर एवं जिला स्तर पर जिला मुख्यालय पर यह समिति गठित की गई है।

एमसीएमसी स्व-प्रेरणा से पेड न्यूज तथा आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन को चिह्नित कर रही हैं। जिला स्तर पर समिति पेड न्यूज से संबंधित अपनी रिपोर्ट जिला निर्वाचन अधिकारी को प्रस्तुत कर रही है। पुणे की सी-डेक अंग्रेजी, हिन्दी वेबसाइट, राजनीतिक दलों की वेबसाइट एवं अन्य निर्देशित वेबसाइटों को नियमित रूप से देख रही है तथा पेड न्यूज एवं एमसीएमसी के प्रकरणों को चिह्नित कर आनलाइन उपलब्ध करवा रही है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को प्रतिदिन एमसीएमसी एवं सी-डेक अपनी रिपोर्ट सौंप रही है। सभी 51 जिला निर्वाचन अधिकारियों को सी-डेक द्वारा यूजर पासवर्ड दिए गए हैं। उन्हें आनलाइन चिह्नित न्यूज एवं पेपर कटिंग को देखने की सुविधा दी गयी है।

अपने सफल प्रक्षेपण के एक दिन बाद इसरो ने कहा कि भारत का मंगल कक्षक अंतरिक्ष यान पृथ्वी की कक्षा में सही तरीके से काम कर रहा है  
अपने सफल प्रक्षेपण के एक दिन बाद भारत का मंगल कक्षक अंतरिक्ष यान पृथ्वी की कक्षा में सही तरीके से काम कर रहा है और अब वह गुरुवार को होने वाले कक्षा उन्नयन (ऑर्बिट रेजिंग) के लिए तैयार है। इसरो के प्रवक्ता ने फोन पर बताया, ‘‘मंगलवार को पृथ्वी की कक्षा में छोड़े जाने के बाद से यह कक्षा में बिना किसी अवरोध के काम कर रहा है। हम गुरुवार को शुरूआती घंटों में कक्षा उन्नयन की प्रक्रिया को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।’’ इसरो के सूत्रों ने कहा कि अभी मार्स ऑर्बिटर मिशन पृथ्वी के चारों ओर अपने पहले चरण में है। पृथ्वी की कक्षा से बाहर 1 दिसंबर को सूर्य की कक्षा में जाने से पहले यह अंतरिक्षयान पांच बार पृथ्वी का चक्कर लगाएगा। इसके बाद यह सूर्य के चारों ओर से होता हुआ नौ माह तक चलने वाली मंगल ग्रह की यात्रा पर निकल जाएगा। इसरो के पीएसएलवी सी25 ने 1,350 किलोग्राम के मंगलयान ऑर्बिटर को श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से प्रक्षेपित किए जाने के 44 मिनट बाद ही मंगलवार को सफलतापूर्वक पृथ्वी की कक्षा में प्रक्षेपित कर दिया था। अंतरिक्ष केंद्र से इसका प्रक्षेपण दोपहर 2 बजकर 38 मिनट पर हुआ था। इस तरह 450 करोड़ रूपए की लागत के इस अभियान का पहला चरण सफलतापूर्वक पूरा हो गया है।

प्रक्षेपण के बाद से इस अभियान का नियंत्रण बेंगलूर स्थित इसरो टेलीमेट्री, ट्रैकिंग एंड कमांड नेटवर्क में वैज्ञानिकों के हाथ में है। उपग्रह पर नजर रखने के सिस्टम वाली वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू.एन2वाईओ.कॉम के अनसुार, मंगलयान नाइजीरिया को पार कर चुका है और दोपहर 1 बजकर 9 मिनट पर वह अफ्रीकी महाद्वीप में स्थित चाड के ऊपर उड़ रहा था। भारत के इस मंगलयान के लिए धरती से न्यूनतम दूरी 264.1 किलोमीटर और अधिकतम दूरी 23,903.6 किलोमीटर थी। इसका झुकाव 19.3 डिग्री था। हालांकि वेबसाइट के अनुसार, मंगलयान भारत के ऊपर नहीं उड़ेगा क्योंकि दोपहर को सोमालिया से अफ्रीकी महाद्वीप छोड़ने के बाद इसका प्रक्षेप पथ हिंद महासागर को पार कर जाएगा। भारत के मंगल अभियान का इंटरनेशनल डिजाइनेटर या एनएसएसडीसी आईडी 2013-060ए है। इंटरनेशनल डिजाइनेटर उपग्रहों का अंतर्राष्ट्रीय नामकरण करने की एक प्रथा है। इसमें प्रक्षेपण का वर्ष, 3 अंकों में उस साल हुए प्रक्षेपणों की संख्या और तीन अक्षरों तक का एक कोड होता है जो किसी प्रक्षेपण में मौजूद भाग का क्रम दर्शाती है।

बसपा सांसद धनंजय सिंह के आवास पर आज एक नौकरानी मृत मिली
बसपा सांसद धनंजय सिंह के आवास पर आज एक नौकरानी मृत मिली और उसके शरीर पर चोट के कई निशान थे जिसके बाद पुलिस ने नेता की पत्नी जागृति सिंह को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जागृति सिंह अपनी नौकरानी को कथित रूप से प्रताड़ित करती थीं। नौकरानी सांसद के आवास पर गत 10 महीने से कार्य कर रही थी। सूत्रों ने बताया कि नौकरानी की आज सुबह उन चोटों के चलते मौत हो गई जो कथित तौर पर सांसद की पत्नी द्वारा प्रताड़ित किए जाने के दौरान लगी थीं। सूत्रों ने बताया कि घरेलू सहायिका के हाथ, पैर और छाती पर चोट के निशान दिखायी पड़ रहे थे। सूत्रों ने बताया कि पोस्टमार्टम आज दिन में होगा जिसमें मौत का कारण पता चलने के बाद पुलिस जागृति सिंह को औपचारिक रूप से गिरफ्तार करेगी।

विश्व शक्तियों के बीच होने वाली महत्वपूर्ण परमाणु वार्ता से पहले अमेरिका ने कहा है कि ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देंगे

ईरान और विश्व शक्तियों के बीच होने वाली महत्वपूर्ण परमाणु वार्ता से पहले अमेरिका ने कहा है कि इसका उद्देश्य तेहरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना है। व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव जे कार्नी ने संवाददाताओं को बताया ‘‘हमारा उद्देश्य एक सत्यापति समझौता करना है जिससे ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने की अनुमति नहीं मिले।’’ ईरान और पी5 प्लस 1 (अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, रूस, चीन प्लस जर्मनी) की जिनीवा में होने जा रही अगले दौर की बैठक से पूर्व उन्होंने कहा, ''हम लोगों ने स्पष्ट रूप से कहा है कि ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देने के हमारे लक्ष्य को हासिल करने की खातिर इस विकल्प का मार्ग खुला हुआ है।’’

भारत की प्रमुख अंतरिक्ष एजेंसी इसरो के ऐतिहासिक मंगल अभियान की शुरूआत करते हुए आज मंगलयान अपने मिशन पर रवाना हो गया
भारत की प्रमुख अंतरिक्ष एजेंसी इसरो के ऐतिहासिक मंगल अभियान की शुरूआत करते हुए आज मंगलयान अपने मिशन पर रवाना हो गया। मंगलयान को श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से पीएसएलवी सी-25 की मदद से छोड़ा गया। मंगल ग्रह को करीब से जानने की यह कोशिश अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।
अभी तक अमेरिका, रूस और यूरोप के कुछ देश (संयुक्त रूप से) ही मंगल की कक्षा में अपने यान भेज पाए हैं। चीन और जापान इस कोशिश में अब तक कामयाब नहीं हो सके हैं। रूस भी कई असफल प्रयासों के बाद ही इस मिशन में कामयाब हुआ था। भारत ने यह सफलता अपने बलबूते अर्जित की है। इसरो के 44 साल के लंबे इतिहास में पहली बार पृथ्वी के प्रभावक्षेत्र के बाहर कोई अभियान शुरू किया गया।







उत्तर प्रदेश के  मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि नहीं बख्शे जाएंगे माहौल बिगाड़ने वालेः 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मुजफ्फरनगर में माहौल खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किये जाने की बात दोहराते हुए आज कहा कि जो दोषी हैं, बख्शे नहीं जाएंगे और किसी के साथ नाइंसाफी नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने यहां मंडी परिषद द्वारा संचालित 2318 करोड़ रुपए की विभिन्न योजनाओं के शिलान्यास एवं लोकार्पण अवसर पर संवाददाताओं के सवालों के जवाब में कहा, ‘‘पुलिस महानिदेशक मुजफ्फरनगर में हैं, वह स्थिति पर नजर रख रहे हैं। किसी के साथ अन्याय नहीं होगा, मगर जो लोग माहौल बिगाड़ रहे हैं उनसे सख्ती से निपटा जाएगा।’’ इस जिक्र पर कि मुजफ्फरनगर में बुधवार को दो घटनाओं में चार लोगों की हत्या के मामले में पुलिस जहां एक मामले में आठ लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है, वहीं दूसरे मामले में एक भी गिरफ्तारी नहीं हुई है, अखिलेश ने कहा कि पुलिस के पास दोनों घटनाओं के बारे में पूरी जानकारी है और दोनों में यथोचित कार्रवाई की जाएगी।

मालदीव के शीर्ष न्यायालय ने अपदस्थ राष्ट्रपति मोहम्मद नशीद की नियुक्तियों को अवैध ठहराया

मालदीव के शीर्ष न्यायालय ने अपदस्थ राष्ट्रपति मोहम्मद नशीद को करारा झटका देते हुए उनकी ओर से 2008 में अंतरिम संसद के लिए आठ सदस्यों की नियुक्ति को अवैध करार दिया है। न्यायालय ने दिए अपने आदेश में कहा कि उस वक्त राष्ट्रपति रहे नशीद ने उन नियुक्तियों को अवैध रूप से किया था। नशीद ने 11 नवंबरए 2008 को राष्ट्रपति का पदभार संभाला था। उस वक्त वह अंतरिम संसद के प्रभारी थे। आरोप था कि उन्होंने उसी दौरान आठ नामित सदस्यों को बर्खास्त कर दिया और उनके स्थान अपने आठ करीबियों को नियुक्त कर दिया। इस कदम को अवैध ठहराते हुए न्यायालय ने सरकार से कहा कि बर्खास्त किए गए आठों सदस्यों को बकाया वेतन और अन्य भत्तों का भुगतान किया जाए। अंतरिम संसद मईए 2009 तक चली थी।


तेजी से बढ़ते लातिन अमेरिकी देश पेरू के साथ भारत ने चार समझौते किए
तेजी से बढ़ते लातिन अमेरिकी देश पेरू के साथ अपने संबंधों को नया आयाम देने के लिए भारत ने पेरू के साथ चार समझौतों पर हस्ताक्षर किए जिनमें से एक रक्षा सहयोग और संयुक्त आयोग की स्थापना किए जाने से संबंधित है। बाकी दो अन्य समझौते शिक्षा और संस्कृति के क्षेत्र में सहयोग को लेकर हैं। उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी की लातिन अमेरिकी देश की तीन दिवसीय यात्रा की समाप्ति पर सोमवार को इन समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए।

हिन्दी के वरिष्ठ साहित्यकार राजेंद्र यादव का निधन

हिन्दी के वरिष्ठ साहित्यकार राजेंद्र यादव का सोमवार रात यहां निधन हो गया। वह 84 वर्ष के थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी एवं हिन्दी की वरिष्ठ कथाकार मन्नू भंडारी और उनकी पुत्री रचना हैं। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार यादव को मध्य रात्रि के आसपास सांस लेने में तकलीफ हुई जिसके बाद उन्हें मैक्स अस्पताल ले जाया गया। लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी को वीजा देने के बारे में अमेरिकी नीति में कोई बदलाव नहीं :पीटर हास
भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी को वीजा देने के बारे में अमेरिकी नीति में कोई बदलाव नहीं आया है। इस आशय की जानकारी एक शीर्ष अमेरिकी अधिकारी ने आज यहां दी। मुम्बई में अमेरिकी महावाणिज्यदूत पीटर हास ने संवाददाताओं से अनौपचारिक चर्चा में कहा, ''मोदी को वीजा दिये जाने के मुद्दे पर हमारी नीति में कोई बदलाव नहीं आया है।’’

नागपुर की दो दिन की यात्रा पर आये हास ने कहा कि वैश्विक आर्थिक मंदी का भारत-अमेरिकी कारोबार पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। ''भारत में व्यापार घाटा नहीं है और वास्तव में अमेरिका प्रभावित हो रहा है।’’

भारत-चीन ने सीमा समझौते पर हस्ताक्षर किये
भारत और चीन ने वास्तविक नियंत्रण रेखा पर शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए आज सीमा समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस दौरान प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अपने चीनी समकक्ष ली क्विंग के साथ वार्ता के बाद कहा कि जब भारत और चीन हाथ मिलाते हैं, तब दुनिया इसे देखती है।
भारत और चीन ने आज नौ समझौते किए, जिसमें सीमा पार की नदियों पर भी एक समझौता शामिल है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और चीन ने अपनी साझेदारी के सभी वादे पूरे करने और संबंधों को मित्रतापूर्ण बनाए रखने का संकल्प लिया है।

सीबीआई ने PMO से मांगी हिंडाल्को की फाइलें
सीबीआई ने आज प्रधानमंत्री कार्यालय को पत्र लिखकर हिंडाल्को को कोयला ब्लॉक आवंटन से संबंधित सभी रिकार्ड मांगे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने तीन दिन पहले ही कहा था कि प्रधानमंत्री ने इस आवंटन को मंजूरी मामले की उस ‘‘पात्रता’’ के आधार दी थी जो उनके समक्ष रखी गई थी। सीबीआई सूत्रों ने कहा कि यह कदम उच्चतम न्यायालय में स्थिति रिपोर्ट दायर करने के बाद उठाया गया जिसमें जांच एजेंसी ने आदित्य बिड़ला समूह के अध्यक्ष कुमार मंगलम बिड़ला और पूर्व कोयला सचिव पीसी पारेख के खिलाफ दर्ज नवीनतम मामले के बारे में न्यायालय को जानकारी दी। सीबीआई ने प्राथमिकी में ‘‘सक्षम प्राधिकार’’ का भी उल्लेख किया है जिसे प्रधानमंत्री कार्यालय ने अपने बयान में बताया है कि वह सक्षम प्राधिकार प्रधानमंत्री थे जो यह निर्णय लेते समय वर्ष 2005 में कोयला मंत्रालय का प्रभार संभाल रहे थे।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने तालाबिरा कोयला ब्लॉक का आवंटन हिंडाल्को को करने के निर्णय को ‘‘उचित’’ बताया है। इस बीच सीबीआई के इस कदम पर प्रतिक्रिया जताते हुए प्रधानमंत्री कार्यालय के राज्य मंत्री वी नारायणसामी ने कहा, ‘‘हमारे पास छुपाने को कुछ भी नहीं है और हमने पहले ही एजेंसी को हजारों दस्तावेज दिये हैं।’’

ओबामा से मिलेंगे नवाज, उठाएंगे कश्मीर मुद्दा

प्रधानमंत्री नवाज शरीफ आज व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा से मुलाकात करेंगे। इस मुलाकात के दौरान पाकिस्तानी प्रधानमंत्री का इरादा अपने देश में ड्रोन हमलों का मुद्दा उठाने का और कश्मीर मुद्दे के हल के लिए अमेरिकी सहायता मांगने का है। हालांकि, अमेरिका मानता है कि कश्मीर मुद्दा भारत और उसके पड़ोसी देश के बीच एक द्विपक्षीय मुद्दा है। दोनों पक्षों के अधिकारियों ने बताया कि दोनों नेता न केवल अपने मतभेद दूर करने के लिए एक कार्य योजना बनाएंगे बल्कि अपने रिश्तों को भी और अधिक मजबूती देने का प्रयास करेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार, ओबामा और शरीफ की मुलाकात 90 मिनट की होगी। मुलाकात के पहले व्हाइट हाउस ने कहा कि वह अमेरिका पाकिस्तान संबंधों के महत्व को रेखांकित करेगा और ऊर्जा, व्यापार, आर्थिक विकास, क्षेत्रीय स्थिरता तथा हिंसक चरमपंथ से मुकाबले जैसे आपसी सहमति की चिंताओं से जुड़े मुद्दों पर सहयोग मजबूत करने का अवसर प्रदान करेगा।


 एशिया-प्रशांत में भारत अहम खिलाड़ी: अमेरिका
भारत को एशिया-प्रशांत क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण देश और ‘अत्यधिक सक्षम’ सहयोगी बताते हुए पेंटागन के शीर्ष कमांडर ने कहा है कि वाशिंगटन नई दिल्ली के साथ सैन्य सहयोग बनाने के अवसर बढ़ाने के लिए प्रयासरत है। प्रशांत क्षेत्र में तैनात अमेरिकी सेना के कमांडर जनरल विन्सेंट के ब्रूक्स ने संवाददाता सम्मेलन में संवाददाताओं को बताया, ‘‘भारत इस क्षेत्र का एक अहम देश है। भारत की भौगोलिक स्थिति के अनुसार यह हर दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका रखता है। पश्चिम में पाकिस्तान, उत्तर में मध्य एशिया और इसका पूर्व व दक्षिणी भाग की दृष्टि से यह इस क्षेत्र का महत्वपूर्ण देश है। और यह एक बेहद सक्षम सहयोगी है।’’
भारत में चीन के निवेश का स्वागत है: प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की आज से तीन दिन चीन यात्रा शुरू हो रही है। अपनी चीन यात्रा से पहले प्रधानमंत्री ने देश में चीन के निवेश का स्वागत किया है और साथ ही द्विपक्षीय व्यापारिक संबंधों को मजबूती देने के लिए भारत में चीनी औद्योगिक पार्क के गठन का प्रस्ताव किया है। दिल्ली में चीनी मीडिया के साथ एक लिखित साक्षात्कार में सिंह ने कहा कि भारत को चीन के साथ व्यापार में अस्थिर असंतुलन का सामना करना पड़ रहा है और भारत के लिए व्यापार घाटे को कम करने का एक रास्ता चीन से प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) बढ़ाना है।

खजाने की तलाश में चौथे दिन भी खुदाई जारी
उत्तर प्रदेश के उन्नाव स्थित डौड़ियाखेड़ा गांव में कथित खजाने की तलाश का काम रोके जाने की अटकलों पर विराम लगाते हुए जिला प्रशासन ने आज चौथे दिन भी राजा राव राम बख्श सिंह के किले की खुदाई का काम शुरू कराया। उपजिलाधिकारी विजय शंकर दुबे ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की निगरानी में पूर्वाह्न 10 बजे खुदाई का कार्य शुरू कराया। दुबे ने बताया कि रविवार तक कुल 102 सेंटीमीटर खुदाई हुई थी। गत 18 अक्तूबर को शुरू हुई खुदाई के पहले दिन 15 सेंटीमीटर, दूसरे दिन 55 सेंटीमीटर तथा तीसरे दिन 32 सेंटीमीटर खुदाई हुई थी।
पाक नहीं मानता तो अन्य विकल्प आजमाएं: उमर
भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव कम होने के कोई संकेत नहीं मिलने के बीच जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने आज कहा कि यदि पाकिस्तान नियंत्रण रेखा पर संघर्षविराम का उल्लंघन करना जारी रखता है तो केंद्र को अन्य विकल्पों पर विचार करना होगा।

कामन सेंस का इस्तेमाल करे चीनी सेना :दलाईलामा 
राष्ट्रपति शी चिनफिंग के कार्यकाल के दौरान क्षेत्र में समरसता और एकता स्थापित करने की दिशा में कुछ ‘‘बदलाव के संकेत’’ की उम्मीद जाहिर करते हुए तिब्बती आध्यात्मिक नेता दलाई लामा ने कहा है कि चीन के नए नेतृत्व को ‘‘कामन सेंस’’ का इस्तेमाल कर तथ्यों से सचाई का पता लगाना चाहिए। ‘‘अहिंसा का महत्व’’ विषय पर दलाई लामा ने रविवार को यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए अपने सैंकड़ों अनुयायियों को बताया कि वह ‘‘अवसर आने पर’’ चीनी सरकार से बात करना चाहेंगे। उन्होंने साथ ही इस बात पर जोर दिया कि तिब्बती चीन से आजादी नहीं चाहते हैं बल्कि वे ‘‘असली स्वायत्तता’’ की मांग कर रहे हैं।

वीजा कार्यक्रम का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं: आस्ट्रेलिया
ऑस्ट्रेलिया ने आज 457 वीजा कार्यक्रम का उल्लंघन करने वालों के लिए कड़ी चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि उल्लंघनकर्ताओं को उतना ही कड़ा दंड दिया जाएगा जितना कि मानव तस्करों को दिया जाता है। एएपी समाचार एजेंसी ने आव्रजन मंत्री स्कॉट मोरिसन के हवाले से कहा, ‘‘अगर आप इसका उल्लंघन करते हैं तो यकीन मानिए कि मैं उतना ही कड़ा रूख अपनाउंगा, जितना कि सीमा पर मानव तस्कर को लेकर अपनाया जाता है।’’

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

*ऑनलाइन माध्यम से शिवाजी कॉलेज का 59 वां वार्षिकोत्सव संपन्न*

सिद्ध भूमि न्यूज़ नेटवर्क::    शिवाजी कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय का 59वाँ वार्षिकोत्सव 29 जून 2020 को आयोजित किया गया। कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष यह समारोह ऑनलाइन माध्यम के द्वारा संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान और दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रॉय फाउंडेशन के संस्थापक श्री संजीव रॉय आमंत्रित थे। उन्होंने इस अकादमिक सत्र के  पुरस्कृत सभी छात्रों को अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा - “कोरोना के इस संकटग्रस्त अनिश्चित दौर में हमें अपनी क्षमताओं को पहचानना होगा। अपनी अंतर्निहित क्षमताओं द्वारा नये अवसरों का सृजन करना होगा। उन्होंने कहा कि वो यंग इंडिया में नई संभावनाओं को देखते हैं। जब यंग इंडिया की बात होती है, तब पूरा भारत इस देश के युवाओं की ओर हसरत भरी निगाहों से देखता है।" इस अवसर पर शिवाजी कॉलेज के पूर्व छात्र और दिल्ली उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता श्री एन. हरिहरन ने अपने विशिष्ट वक्तव्य में कहा कि “ हमें भविष्य की संभावनाओं के प्रति अपने दिलो दिमाग को खुला रखना चाहिए। अपने कॉलेज के दिनों की स्...

19-10-2013

रोमांचक मुकाबले  में आस्ट्रेलिया ने भारत को ४ विकेट से हराया - काम ना आया धोनी का शतक।  नरेंद्र  मोदी  ने आज उत्तर प्रदेश के कानपुर में अपने चुनावी अभियान का आगाज किया।  जम्मू में पाकिस्तानी सेना की ओर से २५ चौकियो पर जबर्दस्त गोली-बारी ।

एकता ने किया खुलासा जल्द आएगा नागिन 5, नागिन 4 को कहा बाय बाय

विपिन, नई दिल्ली। एकता कपूर के चर्चित टीवी शो नागिन के चौथे सीजन को लेकर बीते कुछ दिनों से दर्शक संशय में हैं। सोशल मीडिया पर अफवाह है कि जल्द ही नागिन सीजन 4 बंद हो जाएगा। वहीं, कहा ये भी जा रहा है कि अब इसके बाद कोई भी शूट नहीं होगा। लेकिन अब खुद एकता कपूर ने सामने आकर खुलासा किया है  नागिन 4 की समाप्ति जल्द होगी और उनकी योजना नागिन 5 को तुरंत वापस लाने की है। एकता कपूर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा कर इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि वह नागिन 4 के अंतिम 4 एपिसोड शूट करेंगी और ये काफी धमाकेदार होंगे। अपने इस वीडियो में एकता कहती हैं, मुझसे नागिन 4 के बारे में कई बार पूछा गया, तो मैं एक बार सबको बता देती हूं कि 'नागिन 4' का एक बेहतरीन अंत होने वाला है क्योंकि एक अंत की शुरुआत करने के लिए किसी चीज को बीच में से शुरू नहीं किया जा सकता। तो,हम ;नागिन  को खत्म कर रहे हैं और फिर तुरंत ही नागिन 5पर काम शुरू करेंगे। एकता ने इस धारावाहिक के कलाकारों में निया शर्मा, जैसमीन भसीन, अनीता हसानंदानी और विजेंद्र कुमेरिया का शुक्रिया अदा किया। साथ ही उन्...