मोदी ने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली, कैबिनेट में 45 मंत्री कर्ण सिंह, स्वतंत्र पत्रकार, नयी दिल्ली 26 मई 2014 भारतीय राजनीति में नये युग की शुरूआत करते हुए नरेन्द्र मोदी ने आज प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। उनके नेतृत्व में राजग सरकार में 45 मंत्री हैं। इस बार के लोकसभा चुनावों ने 30 साल बाद स्पष्ट बहुमत के साथ कोई सरकार दी है। मोदी ने भाजपा को अकेले दम पर विजय दिलायी। 63 वर्षीय मोदी देश के 15वें प्रधानमंत्री बने। राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में 3000 से अधिक लोगों की मौजूदगी में हुए भव्य समारोह में उन्हें और उनकी मंत्रिपरिषद के सदस्यों को राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने शपथ दिलायी। राजनाथ सिंह, सुषमा स्वराज, अरुण जेटली, एम वेंकैया नायडू, नितिन गडकरी, उमा भारती, मेनका गांधी, अनंत कुमार, रवि शंकर प्रसाद, स्मृति ईरानी और हषर्वर्धन ने कैबिनेट मंत्रियों के रूप में शपथ ली। सहयोगी दलों में से लोजपा के राम विलास पासवान, शिरोमणि अकाली दल से हरसिमरत कौर, शिवसेना से अनंत गीते और तेदेपा से अशोक गजपति राजू ने बतौर कैबिनेट मंत्री शपथ ली। राजनीति, उद्योग, सिनेमा और धार्मिक क्षेत्र की नामचीन हस्तिय...