सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

26 मई 2014

मोदी ने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली, कैबिनेट में 45 मंत्री

 कर्ण सिंह, स्वतंत्र पत्रकार, नयी दिल्ली 26 मई 2014 भारतीय राजनीति में नये युग की शुरूआत करते हुए नरेन्द्र मोदी ने आज प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। उनके नेतृत्व में राजग सरकार में 45 मंत्री हैं। इस बार के लोकसभा चुनावों ने 30 साल बाद स्पष्ट बहुमत के साथ कोई सरकार दी है। मोदी ने भाजपा को अकेले दम पर विजय दिलायी। 63 वर्षीय मोदी देश के 15वें प्रधानमंत्री बने। राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में 3000 से अधिक लोगों की मौजूदगी में हुए भव्य समारोह में उन्हें और उनकी मंत्रिपरिषद के सदस्यों को राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने शपथ दिलायी। राजनाथ सिंह, सुषमा स्वराज, अरुण जेटली, एम वेंकैया नायडू, नितिन गडकरी, उमा भारती, मेनका गांधी, अनंत कुमार, रवि शंकर प्रसाद, स्मृति ईरानी और हषर्वर्धन ने कैबिनेट मंत्रियों के रूप में शपथ ली।
सहयोगी दलों में से लोजपा के राम विलास पासवान, शिरोमणि अकाली दल से हरसिमरत कौर, शिवसेना से अनंत गीते और तेदेपा से अशोक गजपति राजू ने बतौर कैबिनेट मंत्री शपथ ली। राजनीति, उद्योग, सिनेमा और धार्मिक क्षेत्र की नामचीन हस्तियां, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ सहित दक्षेस देशों के नेता मोदी के शपथ ग्रहण समारोह के साक्षी बने। मोदी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ हिन्दी में ली। उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी, निवर्तमान प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, उनके मंत्रिमंडलीय सहयोगी पी चिदंबरम, शरद पवार, प्रफुल्ल पटेल और पल्लम राजू, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, उपाध्यक्ष राहुल गांधी, भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, निवर्तमान लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार, पूर्व राष्ट्रपति ए पी जे अब्दुल कलाम, प्रतिभा पाटिल भी समारोह में शामिल हुए।
सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव, उनके पुत्र उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, बिहार के मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी, असम के मुख्यमंत्री तरूण गोगोई और हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपिन्दर सिंह हुड्डा भी समारोह में आये। देश के जाने माने उद्योगपति मुकेश अंबानी सपरिवार, उनके भाई अनिल अंबानी, कुमार मंगलम बिडला, शशि रूइया, गौतम अडानी और वी एन धूत, फिल्मी हस्तियों में सलमान खान पिता सलीम खान सहित, विवेक ओबराय, धमर्रेन्द्र, अनुपम खेर, गीतकार जावेद अख्तर भी इस ऐतिहासिक पल के गवाह बने। कई हिन्दू साधू संत भी समारोह में शामिल हुए। इनमें पेजावर मठ के प्रमुख विश्वेन्द्र तीर्थ स्वामी शामिल हैं। क्रिकेट जगत से सुनील गावस्कर मौजूद थे।
श्रीलंका के राष्ट्रपति महिन्दा राजपक्षे, अफगान राष्ट्रपति हामिद करजई और मारीशस के राष्ट्रपति नवीन चंद्र रामगुलाम समारोह में उपस्थित थे। शपथ ग्रहण समारोह करीब 90 मिनट चला। इसके बाद मोदी और उनकी मंत्रिपरिषद के सदस्यों ने राष्ट्रपति के साथ सामूहिक फोटो खिंचाया। फिर मोदी ने पडोसी देशों से आये राष्ट्राध्यक्षों और नेताओं से हाथ मिलाया। मोदी ने निवर्तमान प्रधानमंत्री का अभिवादन किया। इसके तुरंत बाद समारोह स्थल पर अव्यवस्था सी फैल गयी क्योंकि हर कोई नया मंत्री प्रधानमंत्री से मिलना चाह रहा था। भाजपा के जिन अन्य सांसदों ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली, उनमें गोपीनाथ मुंडे, सदानंद गौडा, कलराज मिश्र, नजमा हेपतुल्ला, नरेन्द्र सिंह तोमर, जुएल ओराम, राधा मोहन सिंह और थावर चंद गहलोत शामिल हैं।
पूर्व सेना प्रमुख जनरल वी के सिंह को बतौर राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मंत्रिपरिषद में जगह दी गयी। स्वतंत्र प्रभार वाले अन्य राज्य मंत्रियों में राव इंद्रजीत सिंह, संतोष कुमार गंगवार, श्रीपद येसो नायक, धमर्रेन्द्र प्रधान, सरबानंद सोनवाल, प्रकाश जावडेकर, पीयूष गोयल, जितेन्द्र सिंह और निर्मला सीतारमण शामिल हैं। राज्य मंत्रियों के रूप में 12 सांसदों ने शपथ ली। इनमें जी एम सिद्धेश्वर, मनोज सिन्हा, निहाल चंद, उपेन्द्र कुशवाहा, पी राधाकृष्णन, किरन रिजिजु, कृष्णपाल, संजीव कुमार बालियां, मनसुखभाई वासवा, राव साहेब दानवे, विष्णुदेव साई और सुदर्शन भगत शामिल हैं।


नीतीश ने मोदी को एक बार फिर बधायी दी

 पटना  26 मई 2014बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में स्वयं उपस्थित नहीं होंगे, लेकिन उन्होंने एक बार फिर मोदी के नेतृत्व में आज शाम लेने वाली केंद्र की नई सरकार को शुभकामनाएं दी हैं। पटना में पत्रकारों से बातचीत करते हुए नीतीश ने कहा कि उन्होंने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली नई सरकार को बधायी दी है और एक बार फिर वह नई सरकार को शुभकामनाएं देते हैं। मोदी को नीतीश की तरफ से बधाई को स्वागत योग्य बदलाव माना जा रहा है, क्योंकि मोदी के प्रति नाराजगी के कारण नीतीश की अगुवाई वाली जदयू ने पिछले वर्ष 16 जून को भाजपा से नाता तोड़ लिया था। नीतीश ने कहा कि मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के दिल्ली जा रहे हैं। हमारे पार्टी के प्रतिनिधि भी शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेंगे।
दिल्ली के लिए रवाना होने के पूर्व मांझी ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि नई भाजपा सरकार और उसकी पूर्व सहयोगी पार्टी जदयू के बीच राजग से अलग होने के बाद उत्पन्न तलखी को वह मिटाने का प्रयास करेंगे। बिहार विधान परिषद 12 नए नामांकित सदस्यों के आज शपथ लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए नीतीश ने कहा कि नई केंद्र सरकार से उन्हें भी काफी अपेक्षाएं हैं। बिहार को विशेष पैकेज और विशेष राज्य का दर्जा मिले तथा इस प्रदेश की लंबित परियोजनाओं को शीघ्र पूरा किया जाये। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों के रखरखाव के लिए जो एक हजार करोड रूपये राज्य सरकार ने खर्च किया है वह राशि राज्य सरकार को मिलनी चाहिए। नीतीश ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह में कई देशों के प्रमुख एवं राजनयिक भाग ले रहे हैं, यह अच्छी बात है।
नीतीश ने कहा कि देशभर में एक प्रांत के लोग दूसरे प्रांतों में रोजी रोटी कमाने के लिए जाते हैं जो हमारा संवैधानिक अधिकार है। हम चाहते हैं कि ऐसा कोई केंद्रीय कानून बने जिससे कि एक जगह से दूसरी जगह जाकर कमाने वालों को कोई कठिनाई नहीं हो और उन्हें सम्मान मिले। नई सरकार जनादेश के अनुसार काम करे। नीतीश के पत्रकारों से बातचीत करने के समय मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी भी उपस्थित थे।


पाक ने 151 भारतीय कैदियों को सुपुर्द किया

लाहौर 26 मई 2014 नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के शामिल होने के मौके पर पाकिस्तानी जेलों से रिहा किए गए 151 भारतीय कैदियों को पाकिस्तान ने आज वाघा सीमा पर भारत के अधिकारियों के सुपुर्द कर दिया। कराची के मलीर जेल से 59 और हैदराबाद की नारा जेल से 92 भारतीय कैदियों को रिहा किया गया है। इनमें 150 मछुआरे और एक अन्य कैदी है। यह कैदी गलती से पाकिस्तानी सीमा में दाखिल हो गया था। इन लोगों को कराची से बस के जरिए वाघा सीमा लाया गया था। उन्हें सीमा सुरक्षा बल के सुपुर्द किया गया।
पाकिस्तान रेंजर्स के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘इन लोगों के कागजात देखने के बाद इन्हें भारतीय अधिकारियों के सुपुर्द कर दिया गया।’’ पाकिस्तानी जेल से रिहा हुए मछुआरे दापू तेजा ने कहा, ‘‘मैंने नग से जुड़ा काम सीखा। मैंने कंगन, पायल और हार बनाए। मुझे हर वस्तु के लिए 60 रूपये मिलते थे।’’ तेजा उस पोत पर सवार थे जो सात महीने पहले कथित तौर पर पाकिस्तानी सीमा में दाखिल हो गया था। उन्होंने कहा कि पोत पर सात लोग सवार थे, लेकिन पाकिस्तान तटरक्षक बल ने सिर्फ चार लोगों को गिरफ्तार किया। नांजी सोमा नामक एक अन्य मछुआरे ने कहा, ‘‘मैं एक अशिक्षित व्यक्ति हूं जो मछली पकड़ने का काम कर सकता हूं। मेरा बेटा यह काम नहीं करेगा। वह 10 साल का है और स्कूल जाता है।’'


गोरखधाम एक्स. मालगाड़ी से टकराई, 40 की मौत

संत कबीर नगर 26 मई 2014 जिले में गोरखधाम एक्सप्रेस के एक खड़ी मालगाड़ी से टकरा जाने से कम से कम 40 यात्रियों के मरने का अंदेशा है। हादसा आज सुबह हुआ जब चुरेब रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेन उसी पटरी पर आ गई, जिस पर मालगाड़ी खड़ी थी। जिला मजिस्ट्रेट भरत लाल ने यह जानकारी दी। हालांकि पूर्वोत्तर रेलवे के सीपीआरओ आलोक सिंह ने बताया कि दुर्घटना ट्रेन के पटरी से उतरने की वजह से हुई। लाल ने बताया कि हादसे में करीब 40 व्यक्तियों के मरने का अनुमान है। टक्कर से ट्रेन की पहली बोगी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।


इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

*ऑनलाइन माध्यम से शिवाजी कॉलेज का 59 वां वार्षिकोत्सव संपन्न*

सिद्ध भूमि न्यूज़ नेटवर्क::    शिवाजी कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय का 59वाँ वार्षिकोत्सव 29 जून 2020 को आयोजित किया गया। कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष यह समारोह ऑनलाइन माध्यम के द्वारा संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान और दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रॉय फाउंडेशन के संस्थापक श्री संजीव रॉय आमंत्रित थे। उन्होंने इस अकादमिक सत्र के  पुरस्कृत सभी छात्रों को अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा - “कोरोना के इस संकटग्रस्त अनिश्चित दौर में हमें अपनी क्षमताओं को पहचानना होगा। अपनी अंतर्निहित क्षमताओं द्वारा नये अवसरों का सृजन करना होगा। उन्होंने कहा कि वो यंग इंडिया में नई संभावनाओं को देखते हैं। जब यंग इंडिया की बात होती है, तब पूरा भारत इस देश के युवाओं की ओर हसरत भरी निगाहों से देखता है।" इस अवसर पर शिवाजी कॉलेज के पूर्व छात्र और दिल्ली उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता श्री एन. हरिहरन ने अपने विशिष्ट वक्तव्य में कहा कि “ हमें भविष्य की संभावनाओं के प्रति अपने दिलो दिमाग को खुला रखना चाहिए। अपने कॉलेज के दिनों की स्...

19-10-2013

रोमांचक मुकाबले  में आस्ट्रेलिया ने भारत को ४ विकेट से हराया - काम ना आया धोनी का शतक।  नरेंद्र  मोदी  ने आज उत्तर प्रदेश के कानपुर में अपने चुनावी अभियान का आगाज किया।  जम्मू में पाकिस्तानी सेना की ओर से २५ चौकियो पर जबर्दस्त गोली-बारी ।

एकता ने किया खुलासा जल्द आएगा नागिन 5, नागिन 4 को कहा बाय बाय

विपिन, नई दिल्ली। एकता कपूर के चर्चित टीवी शो नागिन के चौथे सीजन को लेकर बीते कुछ दिनों से दर्शक संशय में हैं। सोशल मीडिया पर अफवाह है कि जल्द ही नागिन सीजन 4 बंद हो जाएगा। वहीं, कहा ये भी जा रहा है कि अब इसके बाद कोई भी शूट नहीं होगा। लेकिन अब खुद एकता कपूर ने सामने आकर खुलासा किया है  नागिन 4 की समाप्ति जल्द होगी और उनकी योजना नागिन 5 को तुरंत वापस लाने की है। एकता कपूर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा कर इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि वह नागिन 4 के अंतिम 4 एपिसोड शूट करेंगी और ये काफी धमाकेदार होंगे। अपने इस वीडियो में एकता कहती हैं, मुझसे नागिन 4 के बारे में कई बार पूछा गया, तो मैं एक बार सबको बता देती हूं कि 'नागिन 4' का एक बेहतरीन अंत होने वाला है क्योंकि एक अंत की शुरुआत करने के लिए किसी चीज को बीच में से शुरू नहीं किया जा सकता। तो,हम ;नागिन  को खत्म कर रहे हैं और फिर तुरंत ही नागिन 5पर काम शुरू करेंगे। एकता ने इस धारावाहिक के कलाकारों में निया शर्मा, जैसमीन भसीन, अनीता हसानंदानी और विजेंद्र कुमेरिया का शुक्रिया अदा किया। साथ ही उन्...