सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

20 अप्रैल 2014

राहुल से अमेठी नहीं संभली देश कैसे संभालेंगेः मोदी

 सरगुजा 20 अप्रैल 2014 सोनिया गांधी द्वारा अपने भाषण में अमेठी की जनता से राहुल गांधी को जीताने के आह्वान पर आज नरेंद्र मोदी ने जमकर व्यंग्य बाण छोड़े और कहा कि जब कांग्रेस उपाध्यक्ष अपना निर्वाचन क्षेत्र नहीं संभाल सकते तो वह कैसे देश का नेतृत्व कर सकते हैं। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार ने सत्तारुढ़ दल के प्रथम परिवार पर अपना तीखा प्रहार जारी रखा और राहुल गांधी के बहनोई राबर्ट वाड्रा के संपत्ति में भारी इजाफे का जिक्र किया। उन्होंने इसे ‘मां-बेटे की सरकार’ का मॉडल बताया।
उन्होंने कहा, ‘‘सोनिया ने अमेठी के लोगों से उनके बेटे का ख्याल रखने को कहा। जबकि हमें बताया जाता है कि वह देश का ख्याल रखेंगे। बताइए, इसमें कोई तर्क नजर आता है? जो अपने बेटे की देखभाल के लिए अमेठी की जनता से गुहार लगा रही हैं..... यदि वह (राहुल गांधी) अमेठी नहीं संभाल सकते तो वह कैसे देश संभाल सकते हैं।’’ सोनिया ने शनिवार को अमेठी में एक रैली में कहा था कि लोगों को कांग्रेस की नीतियों का समर्थन करना चाहिए और राहुल की जीत सुनिश्चित करनी चाहिए।
सोनिया ने शनिवार को कहा था, ‘‘इंदिरा गांधी ने अपना पुत्र राजीव गांधी आपको सौंपा था, मैंने उसी परंपरा का पालन करते हुए वर्ष 2004 में राहुल आपको सौंप दिया।’’ लोगों को सपने बेचने तथा जादू की छड़ी संबंधी गांधी परिवार की आलोचना पर मोदी ने नये अंदाज में पलटवार किया कि उन्हें अक्सर आश्चर्य होता है कि वे किन लोगों के बारे में कह रहे हैं क्योंकि वे नाम तो किसी का लेते नहीं। उन्होंने वाड्रा की संपत्ति के बारे में हाल ही में अमेरिकी अखबार छपी एक खबर का जिक्र किया और व्यंग्य किया कि इस खबर को पढ़ने के बाद उन्हें समझ में आया कि गांधी परिवार किसकी बात करता है। भाजपा नेता ने कहा, ‘‘उन्होंने कक्षा दसवीं पास युवक की बात की है जिसकी जेब में मात्र 1 लाख रूपया था लेकिन तीन साल में वह 300 करोड़ रूपये का मालिक बन बैठा। यह मां-बेटे का मॉडल है। आपने 2जी सुना है, अब जीजाजी के बारे में सुनिए। क्या हमें ऐसे हाथों में देश को छोड़ देना चाहिए।’’
मोदी ने राहुल गांधी पर महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर देश को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध में शीर्ष दस स्थान पर आने वाले राज्यों में पहले सात राज्य कांग्रेस शासित हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैं सोचता हूं कि कांग्रेस का नया नारा है ‘हर हाथ लूट हर बोल झूठ।’'


                                                           राजग सरकार मोदी के नेतृत्व में ही बनेगीः राजनाथ

20 अप्रैल 2014 भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने आज स्पष्ट किया कि नयी लोकसभा में चाहे संख्या बल कुछ भी हो, अगर केंद्र में राजग सरकार बनी तब केवल नरेन्द्र मोदी ही प्रधानमंत्री बनेंगे। चार्टर्ड विमान पर दिये गए साक्षात्कार में राजनाथ ने कहा, ''किसी भी परिस्थिति में मोदी राजग सरकार में प्रधानमंत्री बनेंगे।’’ भाजपा नेता का यह बयान उस सवाल के जवाब में आया जिसमें उनसे पूछा गया था कि अगर राजग बहुमत से पीछे रह गई और नये सहयोगियों ने मोदी से इतर दूसरे नेता पर जोर दिया तब पार्टी का क्या रूख होगा। भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ''देश केवल कानून के आधार पर ही नहीं बल्कि ऐसे नेता से चलता है जिनका नैतिक बल होता है। केवल वही व्यक्ति जिसे प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार या मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में पेश किया जाता है, उसके पास ही वह नैतिक बल होता है।’’ उन्होंने मोदी के ‘गोल टोपी’ (स्कल कैप) पहनने से इंकार करने से जुड़े विषय को ‘गैर जरूरी विवाद’ बताकर खारिज कर दिया।’’
राजनाथ ने कहा, ‘‘यह गैर जरूरी विषय को राजनीतिक प्रतिद्वन्द्वियों द्वारा अनावश्यक रूप से तूल देने का प्रयास है। मैं धोती कुर्ता पहनता हूं, वह (मोदी) कुर्ता पायजामा पहनते हैं, आप शर्ट पैंट पहनते हैं। क्या यह कोई मुद्दा है? वे (प्रतिद्वन्द्वी) देश का साम्प्रदायिकरण करना चाहते हैं।’’ उन्होंने भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार द्वारा किसी भी विशेष समुदाय से वोट मांगने की अपील करने से इंकार करने के बयान का समर्थन किया। भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ''किसी भी जाति, धर्म या सम्प्रदाय से किसी विशेष रूप में वोट के लिए अपील नहीं की जानी चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति को अपने मताधिकार का उपयोग करने की स्वतंत्रता है और यह स्वतंत्र रूप से होना चाहिए। हम समाज के सभी वर्ग के लोगों से बिना किसी भेदभाव के अपील करते हैं।’’
मुसलमानों की चिंताओं के बारे में एक सवाल के जवाब में सिंह ने कहा, ''हम धीरे धीरे आशंकाओं को दूर कर रहे हैं.. बातचीत के जरिये यह भय दूर होगा।’’ यह पूछे जाने पर कि क्या मोदी मुस्लिम नेताओ के साथ बातचीत करेंगे, भाजपा अध्यक्ष ने केवल इतना कहा, ''बातचीत चलती रहती है। मोदीजी भी उनसे बातचीत करते हैं। आपने देखा होगा कि मुसलमान अब मोदी का समर्थन कर रहे हैं।’’ उन्होंने दावा किया कि समुदाय के लोग (मुस्लिम) अब गुजरात में अधिक सुरक्षित महसूस करते हैं और उनकी प्रति व्यक्ति आय देश में अन्य इलाकों से बेहतर हुई है। राजनाथ ने कहा, ''धीरे धीरे मुसलमानों तक यह संदेश पहुंच रहा है कि यह कांग्रेस और अन्य तथाकथित धर्मनिरपेक्ष दलों का सुनियोजित दुष्प्रचार था। वे मोदी और भाजपा के करीब आना जारी रखेंगे और भय की भ्रांति समाप्त होगी।’’
यह पूछे जाने पर कि क्या मोदी को साल 2002 के दंगों पर माफी मांगना चाहिए, राजनाथ ने सवाल किया, ‘‘अधिकांश दंगे कांग्रेस के शासनकाल में हुए। क्या उन्होंने माफी मांगा?’’ जब उनसे यह पूछा गया कि क्या कांग्रेस को पहले माफी मांगना चाहिए, इसके बाद मोदी माफी मांगेंगे, उन्होंने कहा, ''मैं ऐसा नहीं कह रहा हूं। अगर मोदी ने कोई गलती की होती, अगर उन्होंने दंगा रोकने के लिए प्रयास नहीं किया होता, तब वह माफी मांग सकते थे।’’ राजनाथ ने कहा, ''लेकिन मुख्यमंत्री के तौर पर उन्होंने दंगों को रोकने के लिए अधिकतम प्रयास किया, पूरी कोशिश की। उन्होंने कभी भी जांच को बाधित करने का प्रयास नहीं किया। तब फिर अभी भी माफी की मांग क्यों? यह कांग्रेस की बदले की भावना वाली राजनीति है।’’ मोदी को सबसे अधिक ‘परेशान किये जाने वाला’ राजनीतिक बताते हुए राजनाथ ने कहा कि कांग्रेस मोदी पर निशाना साध रही है क्योंकि वह उनकी लोकप्रियता से हताश है। राजनाथ सिंह प्रतिदिन औसतन तीन से चार रैलियों को संबोधित कर रहे हैं। उनसे पूछा गया था कि क्या मोदी अधिक स्वीकार्य होते अगर 2002 के दंगे नहीं हुए होते। उन्होंने कहा, ''मोदी की स्वीकार्यता अभी भी है और यह बढ़ रही है। किसी भी जाति या धर्म से कोई भी उनसे नाखुश नहीं है। लोग समझते हैं कि कांग्रेस ने हमेशा साम्प्रदायिक कार्ड खेला है।’’
मोदी के आलोचकों को आड़े हाथों लेते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ''2002 के दंगों पर उन्होंने (मोदी) इतने अधिक राजनीति हमलों का सामना किया, राजनीति से प्रेरित आरोपों का.. और उच्चतम न्यायालय से नियुक्त जांच में क्लीन चिट मिलने के बाद भी।’’ यह पूछे जाने पर कि क्या इससे मोदी को नुकसान हुआ या फायदा, उन्होंने कहा कि इससे वह गुजरात के विकास के लिए काम करने से हतोत्साहित नहीं हुए।
यह पूछे जाने पर कि क्या 2002 का दंगा मोदी और भाजपा के लिए कमजोर कड़ी है, राजनाथ ने कहा, ''कांग्रेस इस विषय को सुशासन और विकास के मुद्दे से ध्यान बांटने के लिए इसे उठा रही है। ये इन मुद्दों से दूर होना चाहते हैं।’’ मोदी का कद पार्टी से बड़ा होने की बात उठने के बारे में पूछे जाने पर पार्टी अध्यक्ष ने कहा, ''भाजपा में प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री का उम्मीदवार घोषित करने की परंपरा है। इसलिए हम मोदीजी को रेखांकित कर रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि इससे पूर्व में अटलजी अभियान में छाये रहे थे और बाद में लालकृष्ण आडवाणी के साथ ऐसा ही था। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए राजनाथ ने कहा कि उसने देश पर 55 वर्षों तक शासन किया लेकिन सामाजिक और साम्प्रदायिक सौहार्द कायम करने में विफल रही।
भाजपा नेता ने कहा, ‘‘हम ऐसा करना चाहते हैं। हम सामाजिक समरसता और सांप्रदायिक सौहार्द कायम करना चाहते हैं ताकि हम पूरे समाज को साथ लेकर चल सकें।’’ राजग सरकार बनने पर सोनिया गांधी के दामाद राबर्ट वाड्रा को जेल भेजने संबंधी उमा भारती के बयान के बारे में पूछे जाने पर भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ''यह केवल राबर्ट वाड्रा का सवाल नहीं है, जिसके खिलाफ भी मामले होंगे, उसकी जांच होगी और न्यायपालिका जो जरूरी समझेगी, वह करेगी। भाजपा बदले की भावना से काम नहीं करेगी। कानून अपना काम करेगा।'’


इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

*ऑनलाइन माध्यम से शिवाजी कॉलेज का 59 वां वार्षिकोत्सव संपन्न*

सिद्ध भूमि न्यूज़ नेटवर्क::    शिवाजी कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय का 59वाँ वार्षिकोत्सव 29 जून 2020 को आयोजित किया गया। कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष यह समारोह ऑनलाइन माध्यम के द्वारा संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान और दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रॉय फाउंडेशन के संस्थापक श्री संजीव रॉय आमंत्रित थे। उन्होंने इस अकादमिक सत्र के  पुरस्कृत सभी छात्रों को अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा - “कोरोना के इस संकटग्रस्त अनिश्चित दौर में हमें अपनी क्षमताओं को पहचानना होगा। अपनी अंतर्निहित क्षमताओं द्वारा नये अवसरों का सृजन करना होगा। उन्होंने कहा कि वो यंग इंडिया में नई संभावनाओं को देखते हैं। जब यंग इंडिया की बात होती है, तब पूरा भारत इस देश के युवाओं की ओर हसरत भरी निगाहों से देखता है।" इस अवसर पर शिवाजी कॉलेज के पूर्व छात्र और दिल्ली उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता श्री एन. हरिहरन ने अपने विशिष्ट वक्तव्य में कहा कि “ हमें भविष्य की संभावनाओं के प्रति अपने दिलो दिमाग को खुला रखना चाहिए। अपने कॉलेज के दिनों की स्...

19-10-2013

रोमांचक मुकाबले  में आस्ट्रेलिया ने भारत को ४ विकेट से हराया - काम ना आया धोनी का शतक।  नरेंद्र  मोदी  ने आज उत्तर प्रदेश के कानपुर में अपने चुनावी अभियान का आगाज किया।  जम्मू में पाकिस्तानी सेना की ओर से २५ चौकियो पर जबर्दस्त गोली-बारी ।

एकता ने किया खुलासा जल्द आएगा नागिन 5, नागिन 4 को कहा बाय बाय

विपिन, नई दिल्ली। एकता कपूर के चर्चित टीवी शो नागिन के चौथे सीजन को लेकर बीते कुछ दिनों से दर्शक संशय में हैं। सोशल मीडिया पर अफवाह है कि जल्द ही नागिन सीजन 4 बंद हो जाएगा। वहीं, कहा ये भी जा रहा है कि अब इसके बाद कोई भी शूट नहीं होगा। लेकिन अब खुद एकता कपूर ने सामने आकर खुलासा किया है  नागिन 4 की समाप्ति जल्द होगी और उनकी योजना नागिन 5 को तुरंत वापस लाने की है। एकता कपूर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा कर इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि वह नागिन 4 के अंतिम 4 एपिसोड शूट करेंगी और ये काफी धमाकेदार होंगे। अपने इस वीडियो में एकता कहती हैं, मुझसे नागिन 4 के बारे में कई बार पूछा गया, तो मैं एक बार सबको बता देती हूं कि 'नागिन 4' का एक बेहतरीन अंत होने वाला है क्योंकि एक अंत की शुरुआत करने के लिए किसी चीज को बीच में से शुरू नहीं किया जा सकता। तो,हम ;नागिन  को खत्म कर रहे हैं और फिर तुरंत ही नागिन 5पर काम शुरू करेंगे। एकता ने इस धारावाहिक के कलाकारों में निया शर्मा, जैसमीन भसीन, अनीता हसानंदानी और विजेंद्र कुमेरिया का शुक्रिया अदा किया। साथ ही उन्...